आयरलैंड की टीम में एक राजस्थान के युवक का सेलेक्शन हुआ है। गौरतलब है कि यह युवक भारतीय टीम के खिलाफ टी20 मुकाबले खेलेगा। यह युवक राजस्थान के टोंक जिले के रहने वाले 28 वर्षीय जय मुंद्रा हैं।
जय मुंद्रा साल 2021 में M.Tech करने स्टूडेंट वीजा पर आयरलैंड गए थे। इस दौरान जय ने पढ़ाई और नौकरी के साथ-साथ क्रिकेट खेलना जारी रखा। अब वह 26 जून से भारत के खिलाफ मैदान में उतरेंगे।
जय को साल 2025 में आयरलैंड की नागरिकता मिली। इसके बाद उनके दरवाजे आयरलैंड की राष्ट्रीय टीम के लिए खुले। क्लब क्रिकेट में ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर उन्होंने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। तेज गेंदबाजी और मिडिल ऑर्डर में पावर हिटिंग उनकी पहचान बनी, जिससे भारत के खिलाफ उन्हें T20I स्क्वॉड में जगह मिली।
जय को आक्रामक गेंदबाजी और लोअर ऑर्डर में तेज रन बनाने की काबिलियत के कारण आयरलैंड की टीम में चुना गया। आयरलैंड को मिडिल ओवर्स में विकेट लेने वाले और फिनिशर की तलाश थी। जय इन दोनों रोल को निभाने में सक्षम हैं, जो भारत के खिलाफ काफी अहम साबित होगा।
जय ने टोंक में स्कूल लेवल क्रिकेट खेला, फिर कोटा में इंजीनियरिंग की। M.Tech की पढ़ाई के लिए आयरलैंड पहुंचने पर उन्होंने लोकल क्लब लेंस्टर क्रिकेट लीग जॉइन किया। उन्होंने वीकेंड पर मैच खेला और हफ्ते में 9-5 की नौकरी की। इस दौरान अपनी कड़ी मेहनत के दम पर वह इंटर-प्रोविंशियल टूर्नामेंट तक पहुंचे।
जय की इस कामयाबी से टोंक में उनके गांव और परिवार में जश्न का माहौल है। उनकी मां और बहन खुशी से फूले नहीं समा रहे हैं। अपनी खुशी जाहिर करते हुए जय की मां का कहना है कि उनके बेटे ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचकर उनका सपना पूरा किया है।
जय की मां विद्या मुंद्रा ने बताया कि क्रिकेट हमेशा से उसका जुनून था। M.Tech और नौकरी के बावजूद वह रोज प्रैक्टिस करता था। जबकि, छोटी बहन मानसी का कहना है कि जय बचपन से ही क्रिकेटर बनना चाहता था। आयरलैंड जाने के बाद भी उसका फोकस नहीं बदला। भारत के खिलाफ खेलना उसके लिए भावुक पल होगा। परिवार को गर्व है कि टोंक का लड़का इंटरनेशनल स्टेज पर पहुंचा।
बता दें कि इस सीरीज में भारत के 15 साल के वैभव सूर्यवंशी टीम इंडिया के लिए अपना T20 डेब्यू करने जा रहे हैं। IPL 2026 में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से कहर मचाने के बाद उन्हें पहली बार सीनियर टीम में चुना गया बै। आयरलैंड के खिलाफ 26 जून को वह भारत के सबसे युवा T20I खिलाड़ी बन सकते हैं।