चेन्नई के करोड़ों फैंस को यह उम्मीद थी कि घर पर आखिरी मैच खेल रहे सुपर किंग्स के लिए धोनी इस सीजन जरूर मैदान पर एक्शन में नजर आएंगे। लेकिन टॉस के वक्त आए कप्तान गायकवाड़ ने सबका दिल तोड़ दिया। गायकवाड़ ने बता दिया कि धोनी अब भी मैच फिट नहीं हैं और आज का मुकाबला नहीं खेलेंगे।
धोनी भले ही यह मुकाबला नहीं खेल रहे थे, लेकिन मिड इनिंग के दौरान वह पूरी टीम के साथ मैदान में आए। दरअसल हर साल जब चेन्नई अपने घर यानी चेपॉक पर आखिरी मुकाबला खेलती है तो एक टीम फोटो का चलन है और इसी के तहत धोनी फोटो शूट के लिए मैदान में पूरी टीम के साथ आए थे।
धोनी का मैदान पर आना भर था कि चेपॉक में बैठे उनके फैंस की दीवानगी सातवें आसमान पर पहुंच गई। क्या बच्चे, क्या बूढ़े, सभी धोनी को चीयर्स करते नजर आए। इस दौरान अश्विन ने बताया कि स्टेडियम में शोर इतना था कि उन्हें कुछ भी सुनाई नहीं दे रहा था।
फैंस की दीवानगी और अपने होमग्राउंड पर टीम के साथ आने के बाद इमोशनलेस रहने वाले धोनी भी थोड़े भावुक नजर आए। इस दौरान स्टेडियम मे पत्नी साक्षी और बेटी जीवा भी भावुक नजर आईं।
इस दौरान एमएस धोनी ने स्टेडियम में बैठे तमाम फैंस का हाथ-हिलाकर अभिवादन किया। धोनी चेपॉक में जब आखिरी मैच में उतरते हैं तो वो फैंस को टी-शर्ट और टेनिस बॉल देकर उनका शुक्रिया अदा करते हैं।
कॉमेंट्री के दौरान हरभजन सिंह ने एमएस धोनी को लेकर दावा किया कि अब वो दोबारा बतौर खिलाड़ी आईपीएल में नहीं लौटेंगे। हरभजन ने कहा कि वह पूरी तरह से आश्वस्त हैं कि अब धोनी चेन्नई में टीम के साथ नजर नहीं आएंगे। अब अगर वो आते भी हैं तो कोच या मेंटॉर के तौर पर आएंगे। हालांकि, हरभजन के इस बात से अश्विन सहमत नहीं दिखे।
हरभजन सिंह के दावे में दम तो है। धोनी आईपीएल 2026 में पूरे सीजन इंजरी के कारण नहीं खेल पाए। वो पहले कई बार कह चुके हैं कि प्रोफेशनल क्रिकेट के लिए खुद को फिट रख पाना आसान काम नहीं है। ऐसे में एक साल बाद फिटनेस को लेकर चुनौती और बढ़ेगी कम नहीं होगी। ऐसे में हरभजन के दावों में दम तो लगता है।