आईसीसी अंडर-19 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 में 40 मैचों के बाद 14 टीमें बाहर हो चुकी हैं और अब बस भारत और इंग्लैंड की टीमें फाइनल खेलने के लिए बची हैं। इन चालीस मुकाबलों में विश्व कप के दौरान खूब रन बने हैं। यहां हम अंडर 19 विश्व कप फाइनल से पहले जानेंगे कौन हैं वो 7 बल्लेबाज जिन्होंने अब तक सबसे ज्यादा रन बनाए हैं।
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में इस समय सबसे ऊपर हैं अफगानिस्तान के फैजल खान शिनोजादा। इस युवा बल्लेबाज ने टूर्नामेंट में दो शतक लगाए हैं जिसमें सेमीफाइनल मैच में भारत के खिलाफ भी शतक शामिल है। उनकी टीम तो भारत से हारकर बाहर हो गई, लेकिन फैजल ने टूर्नामेंट के 6 मैचों की 6 पारियों में 87 के औसत से 435 रन बना दिए।
इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं इंग्लैंड के शानदार बल्लेबाज बेन मेयस जिन्होंने अपनी टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया है। फाइनल से पहले तक इस बल्लेबाज ने अंडर-19 विश्व कप 2026 की 6 पारियों में 1 शतक और 2 अर्धशतक लगाते हुए 79.80 के औसत से 399 रन बनाए हैं और फाइनल में अगर उनका बल्ला चला तो वो आसानी से फैजल शिनोजादा से आगे निकलकर टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर बन सकते हैं।
श्रीलंका के बाएं हाथ के 17 वर्षीय ऑलराउंडर विरन चमुदिथा तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में 5 मैचों की पांच पारियों में 122.04 के स्ट्राइक रेट और 62 के औसत के साथ 310 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 192 रनों की सर्वश्रेष्ठ ऐतिहासिक पारी भी खेली।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में शानदार शतक लगाकर अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाने वाले इंग्लैंड के कप्तान थॉमस रियू चौथे नंबर पर हैं। इस बल्लेबाज ने 6 मैचों की 6 पारियों में 2 बार नॉट-आउट रहते हुए 74.75 के स्ट्राइक रेट से 299 रन बनाए हैं। उन्होंने 1 शतक और 2 अर्धशतक लगाए हैं। अब फाइनल में उनकी टीम को उनसे फिर उम्मीदें होंगी।
पांचवें नंबर पर हैं दक्षिण अफ्रीका के बाएं हाथ के बैटिंग ऑलराउंडर जेसन राउल्स। उनकी टीम भी फाइनल तक नहीं पहुंच सकी। लेकिन इस बल्लेबाज ने अपनी टीम के लिए सर्वाधिक रन बनाए। राउल्स ने 5 मैचों की 5 पारियों में 112 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 280 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल था।
ऑस्ट्रेलियाई टीम सेमीफाइनल में इंग्लैंड से हारकर बाहर हो गई, उनको वहां तक पहुंचाने में बल्ले से सबसे बड़ा योगदान दिया 19 वर्षीय भारतीय मूल के नितेश सैमुअल ने। इस बल्लेबाज ने टूर्नामेंट के 6 मैचों की 6 पारियों में 147.48 के बेमिसाल स्ट्राइक रेट से 264 रन बनाए जिस दौरान उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले।
भारत के लिए अब तक टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी सातवें नंबर पर हैं। सेमीफाइनल मैच में टूर्नामेंट का अपना तीसरा अर्धशतक लगाने वाले इस सबसे युवा क्रिकेटर ने 14 साल की उम्र में बड़ा कमाल किया है। वो फाइनल से पहले तक 6 पारियों में 147.48 के स्ट्राइक रेट से 264 रन बना चुके हैं। अब विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ उनसे एक और शानदार पारी की उम्मीद रहेगी।