एक और बल्लेबाज ने अंडर-19 विश्व कप 2026 में कमाल करके दिखा दिया है। इस बार इतिहास रचा है इंग्लैंड के 18 वर्षीय बल्लेबाज बेन मायेस ने, जिन्होंने सबसे तेज शतकों की लिस्ट में अपना नाम शामिल करा लिया है।
जिम्बाब्वे के हरारे में खेले गए इंग्लैंड और स्कॉटलैंड के बीच अंडर-19 वनडे विश्व कप 2026 के 17वें मैच में स्कॉटलैंड की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। शुरुआत में कुछ ओवरों तक उनका ये फैसला सही भी साबित होता दिखा।
इंग्लैंड अंडर-19 टीम ने अपना पहला विकेट ओपनर बेन डॉकिंस के रूप में मैच के तीसरे तीसरे ओवर में ही गंवा दिया। डॉकिंस 13 गेंदों में सिर्फ 5 रन बनाकर फिनले जोन्स की गेंद पर कैच आउट हो गए।
इसके बाद ओपनर जोसेफ मूर्स और तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए 18 साल के बेन मायेस ने स्कॉटलैंड के गेंदबाजों की परीक्षा लेनी शुरू की। दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 200 रनों की पार्टनरशिप कर डाली जिसने स्कॉटलैंड को बैकफुट पर ढकेल दिया। जोसेफ मूर्स 65 गेंदों में 81 रनों की पारी खेलकर आउट हुए।
बेन मायेस ने इसके बाद अपनी टीम के कप्तान थॉमस रियू के साथ पारी को आगे बढ़ाया और अपनी बल्लेबाजी की रफ्तार इतनी तेज कर दी कि 65 गेंदों में तेजतर्रार शतक लगाते हुए नया रिकॉर्ड बना डाला।
बेन मायेस का शतक अब अंडर-19 विश्व कप इतिहास का तीसरा सबसे तेज शतक बन चुका है, जबकि इंग्लैंड के लिए ये U19 वर्ल्ड इतिहास का सबसे तेज शतक है। इस लिस्ट में उनसे ऊपर दूसरे नंबर पर पाकिस्तान के कासिम अकरम हैं जिन्होंने 2022 में श्रीलंका के खिलाफ 62 गेंदों में शतक लगाया था। जबकि शीर्ष पर हैं मौजूदा विश्व कप में जापान के खिलाफ 51 गेंदों में सबसे तेज शतक लगाने वाले विल मलाजुक।
बेन मायेस ने अपने सबसे तेज शतक के साथ एक भारतीय खिलाड़ी का रिकॉर्ड तोड़ते हुए तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया है। वो भारतीय खिलाड़ी हैं राज बावा जिन्होंने 2022 अंडर-19 वर्ल्ड कप में 69 गेंदों में सबसे तेज शतक लगाया था। अब वो चौथे नंबर पर खिसक गए हैं।
बेन मायेस का जन्म 21 नवंबर 2007 को हुआ था और सबसे तेज शतक लगाते समय उनकी उम्र 18 साल 61 दिन रही। वो दाएं हाथ के बल्लेबाज होने के साथ-साथ दाएं हाथ से तेज गेंदबाजी भी करते हैं। मायेस घरेलू क्रिकेट में हैम्पशर क्लब के लिए खेलते हैं। इसके अलावा वो फील्ड हॉकी खिलाड़ी भी हैं और जूनियर लेवल पर प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।