अपनी पारी के दौरान हरमन ने 119 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 17 चौके और 3 छक्के जड़े। पारी की शुरुआत से ही वह आत्मविश्वास में दिखे और नामीबियाई गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। 42वें ओवर में आउट होने से पहले उन्होंने दक्षिण अफ्रीका को विशाल स्कोर की नींव दे दी थी।
हरमन ने अपने इस शतक के साथ वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली। वनडे डेब्यू में सबसे बड़ा स्कोर अब उनके नाम भी है। उन्होंने अपने ही देश के साथी खिलाड़ी मैथ्यू ब्रीट्जके के रिकॉर्ड को बराबर कर लिया, जिन्होंने पिछले साल यानि साल 2025 के चैंपियंस ट्रॉफी में न्यूजीलैंड के खिलाफ 148 गेंदों पर 150 रन बनाए थे।
हरमन ने दूसरे विकेट के लिए टोनी डी जॉर्जी के साथ 190 रनों की बड़ी साझेदारी की। इसके बाद उन्होंने डेवाल्ड ब्रेविस के साथ 58 रन जोड़े। उनकी इन दो साझेदारियों ने ही साउथ अफ्रीका को 348/6 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
हरमन के आउट होने के बाद एक भावुक पल भी आया, जब उनके भाई रुबिन हरमन बल्लेबाजी के लिए आए। जॉर्डन दोहरा शतक और भाई के साथ बैटिंग करने से चूक गए। हालांकि अंत में कॉर्बिन बॉश ने 24 गेंदों पर नाबाद 39 रन बनाकर टीम को 350 के करीब पहुंचा दिया।
डेब्यू पर सबसे बड़े स्कोर की लिस्ट में अब वेस्टइंडीज के दिग्गज डेसमंड हेन्स दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं। हेन्स ने 1978 में जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने डेब्यू वनडे में 148 रन बनाए थे। वहीं इस मामले में तीसरे नंबर पर अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज हैं, जिन्होंने 2021 में आयरलैंड के खिलाफ 127 रन की पारी खेली थी।
भारतीय क्रिकेट में डेब्यू वनडे में शतक का कारनामा केएल राहुल ने किया है। राहुल ने 2016 में जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने पहले ही वनडे में नाबाद शतक जड़ा था। उन्होंने छक्का मारकर अपना शतक पूरा किया था। उनके अलावा आज तक भारत का कोई दूसरा बल्लेबाज डेब्यू वनडे में शतक नहीं लगा पाया है, जो इस उपलब्धि को और खास बनाता है।
इस मैच में साउथ अफ्रीका की कप्तानी ब्योर्न फोर्टुइन कर रहे हैं। सीनियर खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में युवा टीम को मौका मिला है और हरमन जैसे खिलाड़ियों ने इसे साबित कर दिया है। ब्रेविस ने भी 28 गेंदों पर 33 रन की उपयोगी पारी खेली, जिससे मिडिल ऑर्डर को मजबूती मिली।
दक्षिण अफ्रीका के ही रीजा हेंड्रिक्स के नाम वनडे डेब्यू में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड है। उन्होंने 2018 में श्रीलंका के खिलाफ अपने पहले ही वनडे में सिर्फ 88 गेंदों पर शतक जड़ा था। अपनी 102 रनों की पारी में उन्होंने 8 चौके और 1 छक्का लगाया था।