सियालदाह जाने वाली कंचनजंगा एक्सप्रेस ट्रेन को एक मालगाड़ी ने पीछे से टक्कर मार दी, जिसके बाद कंचनजंगा एक्सप्रेस की कई बोगियां पटरी से उतर गईं।
कंचनजंगा एक्सप्रेस के मालगाड़ी से टकराते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई तो कई घायल बताए जा रहे हैं।
ट्रेन हादसे में और भी कैजुएलटी हो सकती हैं, जिसको लेकर अस्पतालों में अलर्ट कर दिया गया है। बिहार के अस्पतालों को भी घायलों के इलाज के लिए अलर्ट मोड में रखा गया है।
कंचनजंगा एक्सप्रेस रंगापानी और निजबाड़ी के बीच दुर्घटनाग्रस्त हुई है। यह सियालदाह जा रही थी। ट्रेन निजबाड़ी से पहले खड़ी थी, तभी पीछे से आ रही मालगाड़ी ने रफ्तार में ट्रेन को टक्कर मारी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस, रेलवे अफसर और प्रशासनिक अफसर पहुंचे हैं। राहत कार्य शुरू कर दिया गया है। ट्रैक से बोगियों को हटाकर फंसे यात्रियों को निकाला जा रहा है।
कंचनजंगा की तीन बोगियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। कई यात्री बुरी तरह से घायल हो गए हैं। राहत और बचाव का कार्य जारी है।मालगाड़ी का ड्राइवर भी गंभीर घायल बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि कंटेनर ट्रेन सिग्नल से आगे निकल गई और कंचनजंगा ट्रेन के पिछले हिस्से से टकरा गई। हादसे के बाद एनडीआरएफ, डिविजनल टीम और 15 एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंचीं हैं।
हादसे के बाद रेल मंत्रालय ने हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिए हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी एक्टिव हो गए हैं। वह लोकल डीआरएम और रेलवे अधिकारियों के संपर्क में हैं।
पश्चिम बंगाल में हुए इस हादसे के बाद इस रूट की कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है। कई स्टेशनों पर ट्रेनों को खड़ा कर दिया गया है।