सवाल उठता है कि करियर के चरम पर पहुंच सेलेब्स अचानक ब्रेक क्यों ले रहे हैं। सबके अपने कारण हो सकते हैं। हालांकि ये एक ट्रेंड सा बनता जा रहा है। आइए समझते हैं कि उनके फैसले के पीछे कौन से कारण हो सकते हैं:
बहुत से एक्सपर्ट्स मानते हैं कि लगातार काम करना और परफेक्ट दिखने का दबाव मानसिक तौर पर थकान पैदा कर देता है। कई सेलेब्स खुलकर स्वीकार कर चुके हैं कि सफलता के साथ-साथ एंग्ज़ायटी, डिप्रेशन और अकेलापन भी बढ़ता है। ऐसे में ब्रेक लेना खुद को संभालने का तरीका बन जाता है।
सेलेब्स के लंबे शूटिंग शेड्यूल, ट्रैवल और प्रमोशन के बीच निजी जिंदगी कहीं पीछे छूट जाती है। परिवार, बच्चों या खुद के लिए समय निकालने की चाह से कई सेलेब कुछ समय के लिए काम से दूरी बना लेते हैं।
एक ही तरह के काम करते-करते सेलेब्स को लगने लगता है कि वे खुद को दोहरा रहे हैं। ब्रेक उन्हें नई कहानियों, नई सोच और नए रोल्स के लिए खुद को रीचार्ज करने का मौका देता है।
कई सेलेब्स सिर्फ स्टार नहीं, एक आम इंसान बनकर जीना चाहते हैं। ऐसा इंसान जिसके हर कदम को जज न किया जाए। कुछ कलाकार इस दौरान पढ़ाई करते हैं, यात्रा करते हैं, आध्यात्मिक रास्ता अपनाते हैं या सामाजिक कामों में जुट जाते हैं।
हर वक्त लाइमलाइट में रहने का दबाव भी थकाने वाला होता है। हर वक्त अपडेट, ट्रेंड और प्रतिक्रिया के बीच रहना मानसिक शांति छीन लेता है। इसलिए कई सेलेब्स डिजिटल डिटॉक्स के लिए भी ब्रेक लेते हैं।
करियर के पीक पर काम से लंबा ब्रेक लेने का ट्रेंड यह भी बताता है कि सफलता का मतलब सिर्फ लगातार काम करना नहीं, बल्कि खुद की सेहत, संतुलन और खुशी को प्राथमिकता देना भी है।