Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां पुलिस कस्टडी में एक युवक ने शौचालय में रखा टॉयलेट क्लीनर पी लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालात खतरे से बाहर बताई जा रही है। मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने के बाद एसएसपी ने चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा मामला मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र की धीरखेड़ा पुलिस चौकी का है। जानकारी के अनुसार, युवक को बाइक चोरी के मामले में पुलिस ने हिरासत में लिया था। यह चोरी की वारदार खरखौदा इलाके में हुई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लिया था। पूछताछ में सामने आया कि चोरी की गई बाइक गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र के नूरपुर निवासी मिथुन को बेची गई थी। इसी सिलसिले में पुलिस ने मिथुन को भी पूछताछ के लिए धीरखेड़ा पुलिस चौकी पर हिरासत में लिया था।
शौचालय में जाकर पीया टॉयलेट क्लीनर
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब चार बजे मिथुन ने शौचालय जाने की बात कही। एक पुलिसकर्मी उसे शौचालय तक लेकर गया। जब वह करीब 15 मिनट तक बाहर नहीं निकला, तो पुलिसकर्मी ने बाहर से आवाज लगाई। लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, जब दरवाजा खोला गया, तो मिथुन बदहवास हालत में जमीन पर पड़ा मिला। उसके पास ही टॉयलेट क्लीनर की बोतल भी पड़ी थी। पूछताछ में मिथुन ने खुद टॉयलेट क्लीनर पीने की बात कही।
अस्पताल में भर्ती और परिजनों के आरोप
पुलिस ने तुरंत उसे एनसीआर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ के जगदंबा अस्पताल में रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। घटना के बाद आरोपी के परिजनों ने पुलिस हिरासत के दौरान उसके साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
चौकी प्रभारी निलंबित
सीओ किठौर विश्व ज्योति राय ने बताया कि मामले की गंभीरता और पुलिस स्तर पर बरती गई लापरवाही को संज्ञान में लेते हुए एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने चौकी प्रभारी एसआई हरिओम गौतम को निलंबित कर दिया है। पूरे मामले की विभागीय जांच कराई जा रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
