Stars Reconcile their Relationship For Kids: तलाक के बाद अक्सर परिवार को बिखरते देखा गया है। एक्स कपल एक-दूजे का चेहरा देखने के लिए भी तैयार नहीं होते। लेकिन हमारे बॉलीवुड और टीवी के कई सितारे ऐसे हैं जो तलाक लेकर अलग तो हो गए, लेकिन बच्चों के लिए उन्होंने एक्स पार्टनर के साथ रिश्ता दुरुस्त करने की कोशिश की। इस लिस्ट में ऋतिक रोशन-सुजैन खान से लेकर आमिर खान और किरण राव तक का नाम तो शामिल था ही। वहीं अब लिस्ट में चारू असोपा और राजीव सेन भी जुड़ते दिखाई दे रहे हैं। तो चलिए एक नजर डालते हैं उन स्टार्स पर-
बॉलीवुड एक्टर ऋतिक रोशन और सुजैन खान ने 13 साल की शादी के बाद तलाक लिया था। लेकिन अपने बच्चों की खातिर दोनों आज भी अच्छे दोस्त हैं। ऋतिक रोशन और सुजैन खान को कई बार तलाक के बाद भी बच्चों के साथ ट्रिप पर जाते देखा गया है। यहां तक कि ऋतिक रोशन-सबा आजाद, सुजैन खान और अरसलान गोनी साथ में पार्टी करते हुए भी नजर आ चुके हैं।
बॉलीवुड एक्टर आमिर खान और किरण राव ने भी शादी के लंबे वक्त बाद तलाक ले लिया। लेकिन बेटे आजाद के लिए वो आज भी अच्छे दोस्त हैं। किरण राव, आमिर खान की बेटी ईरा खान की शादी में भी शामिल हुई थीं।
बॉलीवुड एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा और अरबाज खान ने भी शादी के लंबे वक्त बाद तलाक ले लिया था। लेकिन अरहान खान के लिए दोनों बहुत से मौकों पर साथ देखे गए हैं। अरबाज और मलाइका का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें एक्टर मलाइका को गले लगाते नजर आए थे।
बॉलीवुड एक्ट्रेस कोंकोणा सेन शर्मा और रणवीर शौरी ने भी 5 साल की शादी को तलाक के बाद खत्म कर लिया। लेकिन अपने बेटे के लिए दोनों ने रिश्तों की कड़वाहट मिटा दी। बेटे के दसवें जन्मदिन पर कोंकोणा सेन शर्मा और रणवीर शॉरी को साथ देखा गया था।
राजेश खन्ना और डिंपल कपाड़िया की शादी भी कम उथल-पुथल से भरी नहीं थी। डिंपल ने खुद राजेश को दूसरी एक्ट्रेस के साथ उन्हें चीट करते देखा था। ऐसे में डिंपल कपाड़िया और राजेश खन्ना बगैर तलाक लिये ही अलग हो गए। लेकिन बेटियों के लिए बहुत से मौकों पर उन्हें साथ देखा गया।
एक्ट्रेस चारू असोपा और राजीव सेन भी अपनी बेटी जियाना के लिए रिश्तों को सुधारने में लगे हुए हैं। चारू असोपा और राजीव सेन बीते दो महीने से साथ में ट्रैवल कर रहे हैं। जियाना के लिए ही चारू और राजीव ने इस बार साथ में गणेश चतुर्थी और दुर्गा पूजा साथ मनाई। यहां तक कि चारू बीकानेर से मुंबई राजीव के साथ वक्त बिताने के लिए भी आईं। दोनों की तस्वीरों ने फैंस को जमकर कंफ्यूज किया था कि आखिर उनका ये रिश्ता क्या कहलाता है।