Entertainment News Today: आज एंटरटेनमेंट जगत से कई दिलचस्प खबरें सामने आईं। जहां धुरंधर स्टार सारा अर्जुन के जन्मदिन पर उनके पिता राज अर्जुन का इमोशनल पोस्ट चर्चा में रही, वहीं राम चरण की पेड्डी में नए फुटेज जोड़ने का फैसला भी सुर्खियों में है। महाराजा के निर्माता सुधन सुंदरम की शादी की खबर भी सामने आई। इसके अलावा ऋतिक रोशन की लक्ष्य ने 22 साल पूरे किए, प्रीति जिंटा ने मुंबई में नया घर किराए पर लिया, राम गोपाल वर्मा दया नायक की बायोपिक बना सकते हैं और संस्कृति की फिल्म पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का रिएक्शन सामने आया।
गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री और उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपनी पोती संस्कृति पटेल की फिल्म कृष्णावतारम देखी और उसकी तारीफ की।
महाराजा के निर्माता सुधन सुंदरम जल्द ही कन्नड़ अभिनेत्री शर्मिला मांद्रे के साथ शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। दोनों की शादी की खबर सामने आने के बाद फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के लोग उन्हें लगातार बधाइयां दे रहे हैं।
ऋतिक रोशन और प्रीति जिंटा स्टारर लक्ष्य को रिलीज हुए 22 साल पूरे हो गए हैं। इस खास मौके पर फिल्म के निर्देशक फरहान अख्तर ने सोशल मीडिया पर एक पुरानी यादें शेयर कीं।
राम चरण और जाह्नवी कपूर की फिल्म पेड्डी में मेकर्स करीब 6 मिनट का नया फुटेज जोड़ने जा रहे हैं। ये बदलाव फिल्म के तीसरे हफ्ते में किया जा रहा है। इससे पहले जाह्नवी कपूर के कुछ विवादित सीन्स हटाए गए थे, जिसके बाद मेकर्स ने फिल्म का नया वर्जन लाने का फैसला किया।
फिल्म धुरंधर फेम सारा अर्जुन के 21वें जन्मदिन पर उनके पिता राज अर्जुन ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने सारा को अपना 'सुकून', 'दुआ' और 'पूरा आसमान' बताते हुए प्यार जताया।
एक्टर विष्णु विशाल का कहना है कि 'रात्सासन 2' की शुरुआत उनकी आने वाली फिल्म गट्टा कुश्ती 2 के प्रदर्शन पर निर्भर करेगी। अब फैंस को फिल्म गट्टा के हिट होने का इंतजार है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रीति जिंटा ने मुंबई के पॉश इलाके पाली हिल में एक नया अपार्टमेंट किराए पर लिया है। बताया जा रहा है कि इस घर का महीने का किराया 6 लाख रुपये है।
खबरों के मुताबिक निर्देशक राम गोपाल वर्मा मुंबई पुलिस के चर्चित एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक की जिंदगी पर फिल्म बनाने की तैयारी कर रहे हैं। फिलहाल इस प्रोजेक्ट को लेकर बातचीत चल रही है।