Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक प्राइवेट अस्पताल में डॉक्टर की गैरमौजूदगी में कथित तौर पर अस्पताल के मैनेजर ने खुद ही महिला की सर्जरी कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 24 वर्षीय आरोपी मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
18 अगस्त को अस्पताल में भर्ती हुई थी महिला
पुलिस के मुताबिक, यह मामला धानापुर थाना क्षेत्र के महरैया स्थित इंद्रा अस्पताल का है। जहां सुमन नाम की महिला को 18 अगस्त को भर्ती कराया गया था। अगले दिन 19 अगस्त को जब तय समय पर डॉक्टर अस्पताल नहीं पहुंचे, तो आरोपी अस्पताल मैनेजर इंद्रजीत प्रजापति ने खुद ही सर्जरी करने की ठान ली।
सर्जरी के दौरान गलत नस कटने का आरोप
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सर्जरी के दौरान कथित तौर पर गलत नस कट गई और महिला की किडनी को गंभीर नुकसान पहुंचा। इसके बाद उसी रात सुमन की मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के पिता चंद्रावली बिंद की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।
CMO की जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच चंदौली के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) की जांच रिपोर्ट और मृतका के पिता के बयान के आधार पर आगे बढ़ाई गई। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत केस दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर धानापुर थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। जिसके बाद 3 अक्टूबर को सुबह करीब 5 बजे इंद्रा अस्पताल से इंद्रजीत प्रजापति को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में मैनेजर होने की बात बताई
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अस्पताल में मैनेजर के तौर पर काम करता था। वह मरीजों के इलाज के लिए डॉक्टरों की व्यवस्था करता था। आरोप है कि घटना वाले दिन डॉक्टर के अस्पताल में मौजूद नहीं होने पर उसने खुद सर्जरी की, जिसके बाद मरीज की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी महरैया गांव का रहने वाला है और मूल रूप से धानापुर थाना क्षेत्र के रायपुर बम्हनी गांव का निवासी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
