Entertainment News Today: मनोरंजन जगत में हर दिन कोई न कोई बड़ी खबर सामने आती रहती है। इस बार बॉलीवुड से लेकर साउथ इंडस्ट्री तक कई बड़े सितारे चर्चा में हैं। आमिर खान की शादी पर शेखर सुमन का बयान, दिलजीत दोसांझ से जुड़ा विवाद, सुनील शेट्टी की फिल्म फ्रेंचाइजी को लेकर उम्मीदें और पवन कल्याण की सर्जरी जैसी खबरों ने लोगों का ध्यान खींचा है। वहीं, आर्या, राघव जुयाल, अरशद वारसी और शेखर कपूर से जुड़ी खबरें भी सुर्खियों में हैं। आइए जानते हैं एंटरटेनमेंट की इन बड़ी खबरों के बारे में।
साउथ एक्टर आर्या (Arya) कानूनी मुश्किलों में घिर गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म अनंतन काडु (Ananthan Kaadu) से जुड़े करीब 1.80 करोड़ रुपये के बकाया भुगतान को लेकर उनके खिलाफ मामला सामने आया है। इस मामले पर आर्या की ओर से आधिकारिक बयान नहीं आया है।
राघव जुयाल की बर्थडे पार्टी से जुड़ी एक खबर चर्चा में है। रिपोर्ट के अनुसार, एक नेता के करीबी लोगों की तरफ से राघव को पार्टी को लेकर एक प्रस्ताव मिला था। बताया गया कि राघव का जन्मदिन और उस नेता का जन्मदिन एक ही दिन होने की वजह से दोनों मिलकर पार्टी रख सकते हैं। राघव ने इस बात के लिए हामी भर दी, लेकिन कथित तौर पर यही फैसला बाद में उनके लिए परेशानी की वजह बन गया।
साउथ स्टार और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की मुंबई में कंधे की सर्जरी हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वो रोटेटर कफ इंजरी से परेशान थे, जिसके बाद डॉक्टरों ने सर्जरी की सलाह दी। करीब साढ़े तीन घंटे तक चली इस सर्जरी के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
काका और सिद्धार्थ भारद्वाज के साथ जंतर-मंतर पहुंचे अभिजीत दिपके (Abhijeet Dipke) ने वहां मौजूद भीड़ से बात की । इस दौरान उन्होंने दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) पर तंज कसते हुए काका की तरफ इशारा किया और कहा, 'ये भी एक आर्टिस्ट हैं भाई।'
दिलजीत दोसांझ की फिल्म सतलुज को लेकर विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। फिल्म की कथित अवैध सार्वजनिक स्क्रीनिंग के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई है। याचिका में ऐसी स्क्रीनिंग रोकने की मांग की गई है।
Hindustan Times से बात करते हुए सुनील शेट्टी ने फिल्म हेरा फेरी 3 को लेकर उम्मीद जताई है। एक्टर ने कहा कि वेलकम टू द जंगल की सफलता के बाद ऐसी बड़ी कॉमेडी फिल्मों को लेकर माहौल बेहतर हुआ है। फैंस लंबे समय से इस फ्रेंचाइजी की अगली फिल्म का इंतजार कर रहे हैं।
अभिनेता अरशद वारसी ने मुंबई के अंधेरी इलाके में स्थित अपनी दुकान बेच दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने ये प्रॉपर्टी साल 2012 में करीब 2.12 करोड़ रुपये में खरीदी थी, जिसे अब 6.25 करोड़ रुपये में बेचा गया है। रियल एस्टेट डील को लेकर यह खबर चर्चा में है।
हॉलीवुड स्टार मैट डेमन ने डायरेक्टर शेखर कपूर के साथ काम करने की इच्छा जताई थी। अब शेखर कपूर ने मैट के इस बयान पर प्रतिक्रिया दी है। डायरेक्टर ने कहा कि 'मुझे नहीं लगता कि दुनिया का कोई भी फिल्ममेकर ऐसा होगा, जो मैट डेमन जैसे इमोशनल डेप्थ रखने वाले एक्टर के साथ काम करने का मौका नहीं चाहेगा।'
आमिर खान की तीसरी शादी को लेकर अभिनेता शेखर सुमन ने मजाकिया अंदाज में तंज कसा है। उन्होंने कहा कि अब उन्हें समझ आया कि आमिर को 'मिस्टर परफेक्शनिस्ट' क्यों कहा जाता है। शेखर का ये बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।