मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कक्षा 10वीं व 12वीं परीक्षा का रिजल्ट आज mpbse.nic.in पर जारी कर दिया है। मध्य प्रदेश बोर्ड कक्षा 10वीं व 12वीं परीक्षा में इस साल लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन किया है।
भोपाल की इशिका कपूर ने 10वीं बोर्ड में 500 में से 491 अंक हासिल कर मेरिट लिस्ट में स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां को दिया है, जिन्होंने अकेले तीन बेटियों की परवरिश की है।
इशिका की मां दूसरों के घरों में बर्तन धुलने के साथ ही सिलाई का काम भी करती हैं। हालांकि, आर्थिक तंगी होने के बावजूद भी उन्होंने अपने बेटियों की शिक्षा में कोई कमी नहीं आने दी।
इशिका के अनुसार, वह कक्षा 9वीं तक एक औसत छात्रा थीं लेकिन 10वीं में उन्होंने 98 प्रतिशत अंक हासिल करने का लक्ष्य रखा। इसके लिए उन्होंने बिना कोचिंग पढ़ाई शुरू कर दी। समय पर सिलेबस पूरा करने के बाद उन्होंने रिवीजन पर फोकस किया।
इशिका का सपना है कि वह 11वीं में पीसीएम लेकर जेईई क्रैक करें और आईआईटी में एडमिशन लें। इशिता एरोनॉटिक्स इंजीनियरिंग करके साइंटिस्ट बनना चाहती हैं। उन्हें अंतरिक्ष से जुड़ी चीजें बहुत पसंद हैं।