स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। अरुण जेटली स्टेडियम में रविवार को खेले गए रोमांचक फाइनल में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सेंट्रल दिल्ली किंग्स को सात विकेट से हराया और दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 का खिताब अपने नाम किया। जीत के लिए 183 रनों का पीछा करते हुए साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने 18.2 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 186 रन बनाए और यादगार जीत हासिल करते हुए DPL ट्रॉफी उठाई।
अनमोल शर्मा ने 42 गेंद पर शानदार 64 रन बनाकर जीत की नींव रखी, जिसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल थे। उन्हें अंकित डबास का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 33 गेंद पर नाबाद 61 रनों की जबरदस्त पारी खेली और पांच चौके व चार छक्के जड़े। इसके बाद कप्तान तेजस्वी दहिया ने 18 गेंद पर तेज-तर्रार 33 रन बनाकर पारी को गति दी। उनकी पारी में तीन चौके और तीन छक्के शामिल रहे। फिर एकांश डोबाल ने तीन गेंद पर नाबाद सात रन बनाकर जीत पक्की की।
समर्थ सिंह की फिफ्टी
इससे पहले, पहले बल्लेबाजी करते हुए सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने 8 विकेट गंवाकर 182 का स्कोर बनाया। समर्थ सिंह ने 27 गेंद पर 51 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जबकि कप्तान जोंटी सिद्धू ने 19 गेंद पर तेज 36 रन बनाए, जिसमें तीन छक्के शामिल थे। युगल सैनी ने 29 गेंद पर 32 रन बनाए, जबकि मनी ग्रेवाल ने सिर्फ सात गेंद पर 18 रन बनाकर पारी के अंत में तेजी लाई।
धवन हैं सुपरस्टार्स टीम के सह-मालिक
साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स के गेंदबाजों ने सेंट्रल दिल्ली किंग्स को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोकने में अच्छा काम किया। दिव्यांश रावत ने 17 रन देकर तीन विकेट लिए और गेंदबाजी की कमान संभाली। विजन पांचाल ने दो विकेट लिए, जबकि अंकित डबास, प्रांशु विजयराण और अंशुमन हुड्डा ने एक-एक विकेट हासिल किया। हालांकि, यह फाइनल साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स के बल्लेबाजों के नाम रहा, जिन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरे समय तेजी से रन बनाए। बता दें कि पूर्व भारतीय बल्लेबाज शिखर धवन साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स के को-ऑनर हैं।
