आईएमडी ने पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के एंट्री हो गई है, जम्मू-कश्मीर को सबसे अधिक प्रभावित करेगा। यह मौसमी तंत्र बारिश और बर्फबारी का कारण बनेगा, जिससे शनिवार और रविवार को मौसम खराब रहेगा। वहीं, हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले हिस्सों में भी मौसमी गतविधियां होंगी और बर्फ गिरने पारा गिरेगा। पहाड़ों पर बदलते मौसम का प्रभाव उत्तर भारत के राज्यों पर दिखाई देगा, जिससे हरियाणा से लेकर दिल्ली और बिहार तक शीतलहर चलेगी और सुबह घना कोहरा छाया नजर आएगा। स्काईमेट का कहना है कि 6 दिसंबर को दितवाह चक्रवाती तूफान का असर तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, अंडमान निकोबार द्वीप समूह और लक्ष्यद्वीप पर रहेगा, जिसके कारण तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होगी। (फोटो-Istock)
यूपी में ठिठुरन वाली सर्दी का सितम शुरू हो गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो सामान्य के 2 डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग का अनुमान है कि पहाड़ों पर बर्फबारी का असर यूपी के कुछ हिस्सों पर पड़ेगा, जिससे दिन में शीतलहर का प्रकोप बढ़ेगा और लोगों को धूप की मौजूदगी में भी सर्दी का एहसास होगा। अब सुबह कोहरे के साथ पाला गिरेगा, जिससे गलन वाली ठंडक महसूस होगी। उधर, बिहार में पछुआ हवाओं के झोकों से मौसम काफी सर्द है। राज्य के अधिकांश भागों में सुबह कोहरा छाया नजर आ रहा है और दिन में शीतलहर चल रही है। आईएमडी के मुताबिक, अगले सप्ताह से तापमान और गिरेगा। (फोटो-Istock)
दिल्ली में धुंध की मोटी चादर छाई नजर आ रही है। गुरुवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 327 रहा जो बहुत खराब श्रेणी में रही। वहीं, दिल्ली में इस साल दिसंबर की अबतक की सबसे ठंडी सुबह रही और पारा 5.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। आईएमडी के मुताबिक, शनिवार को हल्का कोहरा छाए रहने का अनुमान है और तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इससे पहले दिसंबर की सबसे ठंडी सुबह 12 दिसंबर 2024 को 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई थी। अगले सप्ताह से शीतलहर में बढ़ोतरी के साथ सर्दी और रफ्तार पकड़ेगी। दिल्ली में कल एक्यूआई 327 दर्ज किया गया। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, बवाना ने 373 के साथ सबसे खराब एक्यूआई रही। आरके पुरम में 370 का एक्यूआई दर्ज हुआ। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच का वायु गुणवत्ता सूचकांक अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 के बीच का एक्यूआई गंभीर श्रेणी में रखा जाता है। (फोटो-Istock)
हरियाणा में शीतलहर ने मौसम सर्द कर रखा है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में तापमान गिरता जा रहा है। आईएमडी के मुताबिक, नारनौल में 3.5, हिसार में 3.7, सिरसा में 5.4,करनाल में 5.8, अंबाला में 7.7, भिवानी और रोहतक में 6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान बना हुआ है। उधर, पंजाब के अधिकांश भागों में कड़ाके की ठंड सता रही है। बठिंडा में 3.2, चंडीगढ़ में 6.1, अमृतसर में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 5.6, पटियाला में 5.8, गुरदासपुर में 5.5 और फिरोजपुर में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अगले सप्ताह से कोहरे के ग्राफ और सर्दी में और बढ़ोतरी होगी। (फोटो-Istock)
मध्य प्रदेश में ठंड की रफ्तार बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिसंबर भर ठिठुरन रहेगी और तापमान कई रिकॉर्ड तोड़ेगा। दिसंबर के आखिरी तक कोल्ड वेव जारी रह सकती है, जिससे दिन में भी न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। राजस्थान के अधिकांश हिस्सों पर न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। आईएमडी के मुताबिक, फतेहपुर में 1.9, सीकर में 3.0, लूणकरणसर में 3.2, नागौर में 3.1, चुरू में 4.5 और पिलानी में 4.8 डिग्री डिग्री सेल्सियस तापमान बना हुआ है। अगले एक सप्ताह में अन्य क्षेत्रों में भी तापमान गिरेगा और कोहरा बढ़ेगा। इस दौरान मौसम साफ रहेगा, लेकिन शीतलहर के कारण सर्दी बढ़ती जाएगी। (फोटो-Istock)
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 3 दिन में उत्तराखंड में भी मौसम खराब हो सकता है। नए मौसमी तंत्र के प्रभाव से बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई है। पश्चिमी विक्षोभ के पूर्वानुमान के मुताबिक, मौसम में तब्दीली से सर्दी और कोहरे में बढ़ोतरी होगी एवं दिन में भी शीतलहर जारी रहेगी। वहीं, हिमाचल प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से मौसम प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने 6 और 7 दिसंबर को राज्य के ऊंचाई वाले स्थानों पर आंशिक तौर पर बादल छाए रहने और बूंदाबादी हो सकती है। फिलहाल, राज्य के करीब 12 से 15 जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। मौसम साफ होते ही सर्दी और गलन का असर बढ़ेगा और लोगों को भीषण सर्दी का एहसास होगा। (फोटो-Istock)
कश्मीर के पहाड़ी हिस्सों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव होने के कारण आसमान बादलों से ढके हुए हैं। मौसम विभाग ने 6 दिसंबर को हल्की बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया है। रात्रि के समय कई इलाकों में तापमान जमाव बिंदु पर बना हुआ है, जिससे नदी, नाले, झरने और पानी की पाइप लाइन पर पानी जम गया है। तापमान की बात करें तो कुपवाड़ा में 0.2 , कोकेरनाग में 0.8, श्रीनगर में 0.4 और काजीगुंड में 0.2, पुलवामा में 0 से 3, पहलगाम 1.8 डिग्री सेल्सियस और गुलमर्ग, सोनमर्ग और रोहतांग दर्रा में माइनस तापमान बना हुआ। आईएमडी की मानें को अब ऊंचाई वाले इलाकों में 6, 7 और 8 दिसंबर तक हल्की बर्फबारी से मौसम काफी लुभावना नजर आएगा। (फोटो-Istock)
दितवाह तूफान का असर आज भी रह सकता है। इसके प्रभाव से दक्षिण भारत के 4 से 5 राज्य प्रभावित रहेंगे। मौसम विभाग के मुताबिक, 6 दिसंबर को भी कई हिस्सों में तेज हवाओं के बीच बारिश परेशान करेगी। मौसम विभाग की मानें को सबसे ज्यादा असर तमिलनाडु राज्य के 4 से 5 तटीय जिलों पर पड़ेगा, जिसमें चेन्नई, पुडुचेरी, कराईकला समेत कई जिले शामिल हैं।इस तूफान के असर से केरल, लक्ष्यद्वीप, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जाएगी। मौसम साफ होते ही इन सभी राज्यों में तापमान गिरेगा। (फोटो-Istock)