अच्छी बात यह है कि RBI ने अक्टूबर 2024 से एक विशेष राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया है, जो दिसंबर 2025 तक चलेगा। इसका उद्देश्य लोगों को उनके बैंक अकाउंट में वर्षों से पड़े लावारिस पैसों को वापस दिलाना है। RBI ने इसके लिए तीन आसान तरीके बताए हैं, जिनकी मदद से कोई भी ग्राहक अपने भूले हुए पैसे वापस पा सकता है।
सबसे पहले समझें कि बैंक अकाउंट में पैसे को लेकर RBI के नियम क्या कहते हैं। अगर आपका बैंक अकाउंट दो साल से अधिक समय तक इस्तेमाल नहीं हुआ, तो बैंक उसे निष्क्रिय (Inactive) घोषित कर देता है। इसका मतलब यह नहीं कि पैसा खत्म हो जाता है या बैंक उसे जब्त कर लेता है। बल्कि पैसा सुरक्षित रहता है, बस कुछ सेवाएँ बंद हो जाती हैं जैसे नेट बैंकिंग, एटीएम उपयोग, चेकबुक। इस स्थिति में खाते को दोबारा सक्रिय करने के लिए केवल केवाईसी दस्तावेज अपडेट करने और एक छोटा-सा लेन-देन करने की जरूरत होती है।
वहीं दूसरी ओर, अगर कोई अकाउंट लगातार 10 साल या उससे ज्यादा समय तक इस्तेमाल नहीं किया गया, तो मामला और खास हो जाता है। ऐसे सभी खातों में रखी जमा राशि और उस पर मिलने वाला ब्याज रिजर्व बैंक के जमाकर्ता शिक्षा और जागरूकता फंड (DEA Fund) में ट्रांसफर कर दिया जाता है।
यह फंड मई 2014 में बनाया गया था ताकि जो लोग अपना पुराना खाता भूल जाते हैं या जिनके वारिसों को खाते की जानकारी नहीं होती, उनका पैसा सुरक्षित रहे। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि पैसा RBI का हो गया यह राशि हमेशा ग्राहक या उसके वैध वारिस को दी जाती है, बस दावा करने की जरूरत होती है।
RBI ने अब यह प्रक्रिया और आसान कर दी है। अगर आपका पैसा DEA फंड में चला गया है, तो आप या आपके परिवारजन उसे कभी भी वापस ले सकते हैं इस पर कोई समय सीमा नहीं है। पैसा पाने के लिए आपको केवल तीन कदम उठाने होते हैं।
पहला किसी भी बैंक शाखा में जाएं, चाहे वह खाता वहीं का हो या न हो। दूसरा RBI द्वारा निर्धारित फॉर्म भरें और पहचान प्रमाण के रूप में आधार, पैन, वोटर आईडी, पासपोर्ट या कोई मान्य डॉक्यूमेंट जमा करें। तीसरा बैंक आपके दस्तावेजों की जांच करेगा और सत्यापन पूरा होने पर आपका पैसा ब्याज के साथ वापस दे दिया जाएगा।
लोगों को सबसे अधिक समस्या यही होती है कि पता ही नहीं चलता कि उनका कोई पुराना बैंक खाता है या नहीं, और उसमें पैसा पड़ा है या नहीं। इस परेशानी को दूर करने के लिए RBI ने UDGAM पोर्टल (Unclaimed Deposits Gateway to Access Information) शुरू किया है। यह एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है जिसकी मदद से आप अपने नाम, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि या आधार विवरण से यह पता लगा सकते हैं कि आपका कोई पुराना खाता निष्क्रिय तो नहीं पड़ा।
फिलहाल इस पोर्टल से देश के 30 बड़े बैंक जुड़े हुए हैं जिनमें SBI, PNB, Bank of Baroda, HDFC, ICICI, Axis Bank जैसे प्रमुख बैंक शामिल हैं। आने वाले समय में सभी बैंक इससे जुड़ जाएंगे। अगर आपका अकाउंट 10 साल से कम समय से बंद है, तो उसे जल्द से जल्द सक्रिय कराएं, ताकि खाता बंद होने की स्थिति ही न आए। खाते को सक्रिय करने में मुश्किल नहीं होती बस केवाईसी अपडेट करें और एक बार पैसा जमा या निकासी कर दें।