क्रिकेट

हांगकांग को हराकर एशिया कप के सेमीफाइनल में पाकिस्तान, श्रीलंका से होगा मुकाबला

हांगकांग को हराकर पाकिस्तान ने एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली। सेमीफाइनल में उसका सामना श्रीलंका से होगा। अब भी चौथी सेमीफाइनलिस्ट टीम का इंतजार है।

Image

पाकिस्तान बनाम हांगकांग (साभार-X)

विमेंस एशिया कप 2026 की तीसरी सेमीफाइनलिस्ट टीम तय हो गई है। सोमवार को हांगकांग के खिलाफ मैच में हर हाल में पाकिस्तान को जीत की दरकार थी और उसने यह मुकाबला एकतरफा अंदाज में अपने नाम कर लिया। पाकिस्तान ने हांगकांग को 72 रन से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई। ग्रुप ए में भारत के बाद वो सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बनी। 144 रन का पीछा करते हुए हांगकांग की पूरी टीम केवल 19 ओवर में 71 रन बनाकर ढेर हो गई। हांगकांग की ओर से कैरी चेन ने सर्वाधिक 30 रन की पारी खेली। हांगकांग की खराब बल्लेबाजी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उसके 8 खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। इतना ही नहीं 4 बैटर तो खाता भी नहीं खोल पाए। पाकिस्तान की ओर से नशरा संधू ने सर्वाधिक 6 विकेट चटकाए।

इससे पहले पाकिस्तान के कप्तान फातिमा सना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 143 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से सर्वाधिक 47 रन की पारी सलामी बैटर शवाल जुल्फिकार ने खेली। जुल्फिकार के अलावा कप्तान फातिमा सना ने 24 और आयशा जफर ने 26 रन की पारी खेली। हांगकांग की ओर से जॉयलीन कौर ने सर्वाधिक 4 विकेट चटकाए। जॉयलीन कौर के अलावा कैरी चेन और इकरा सहर ने 2-2 विकेट चटकाए।

सेमीफाइनल में श्रीलंका से होगा मुकाबला

इस जीत के साथ पाकिस्तान ने एशिया कप के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। ग्रुप ए से भारत और पाकिस्तान ने क्वालीफाई किया। पाकिस्तान की टीम ग्रुप ए में 4 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर रही। शुक्रवार, 11 सितंबर को दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान का सामना श्रीलंका से होगा। पहला सेमीफाइनल भारत और चौथी सेमीफाइनलिस्ट टीम के बीच होगा। चौथी सेमीफाइनलिस्ट टीम का फैसला बांग्लादेश बनाम यूएई के मैच के बाद होगा।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article