नए साल 2026 के जश्न में इस बार भारत में ऑनलाइन शॉपिंग ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। जैसे-जैसे घड़ी ने 31 दिसंबर की रात 12 बजने की ओर कदम बढ़ाया, वैसे-वैसे क्विक कॉमर्स ऐप्स पर ऑर्डर्स की बाढ़ आ गई। लोग घर पर पार्टी करने लगे और मिनटों में डिलीवरी मिलने की सुविधा ने ऑनलाइन खरीदारी को सबसे आसान विकल्प बना दिया। ऐसे में आइए आपको बताते हैं लोगों ने नए साल पर क्या क्या मंगाया और किस चीज पर सबसे ज्यादा पैसे खर्च किए?
न्यू ईयर ईव पर सबसे ज़्यादा पैसे स्नैक्स पर खर्च हुए। आलू भुजिया, चिप्स, नमकीन और रेडी-टू-ईट आइटम्स की रिकॉर्ड बिक्री हुई। कई शहरों में एक ही शाम में लाखों पैकेट भुजिया और चिप्स ऑर्डर किए गए। पार्टी बिना स्नैक्स अधूरी मानी जाती है और यही वजह रही कि ये आइटम सबसे ज्यादा बिके।
इस साल एक चौंकाने वाला ट्रेंड देखने को मिला आइस क्यूब्स की भारी मांग। ठंडी ड्रिंक्स और पार्टी ड्रिंक्स के लिए लोगों ने बड़ी मात्रा में बर्फ मंगाई। कई ऐप्स पर आइस क्यूब्स के ऑर्डर सामान्य दिनों के मुकाबले कई गुना बढ़ गए। यह दिखाता है कि लोग घर पर ही पूरी पार्टी का माहौल बना रहे थे।
नए साल के जश्न में ड्रिंक्स का रोल अहम रहा। सॉफ्ट ड्रिंक्स, सोडा, मिक्सर और एनर्जी ड्रिंक्स की बिक्री में जबरदस्त उछाल देखा गया। कई जगहों पर मिनटों में सैकड़ों ऑर्डर सिर्फ कोल्ड ड्रिंक्स के लिए आए। शराब की जगह नॉन-अल्कोहॉलिक ड्रिंक्स पर ज्यादा खर्च किया गया।
इस साल ऑनलाइन शॉपिंग लिस्ट में कुछ ऐसे प्रोडक्ट भी शामिल रहे, जिनकी किसी ने उम्मीद नहीं की थी। I-Pill और कंडोम जैसे पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स के ऑर्डर अचानक बढ़ गए। न्यू ईयर पार्टी और निजी पलों की वजह से इन चीज़ों की मांग में तेज़ी देखी गई।
सिर्फ पार्टी आइटम ही नहीं, बल्कि दूध, ब्रेड, चॉकलेट, अंगूर, पानी की बोतलें और डिस्पोज़ेबल प्लेट-गिलास जैसी रोज़मर्रा की चीज़ें भी बड़ी संख्या में मंगाई गईं। इसका मतलब साफ है कि लोग बाहर जाने की बजाय घर पर ही पूरी तैयारी कर रहे थे।
भले ही ऑर्डर छोटे-छोटे थे, लेकिन संख्या इतनी ज़्यादा थी कि कुल खर्च करोड़ों में पहुंच गया। कुछ ऐप्स पर हर मिनट हजारों ऑर्डर प्लेस हुए। यही वजह रही कि न्यू ईयर ईव क्विक कॉमर्स कंपनियों के लिए साल का सबसे बड़ा दिन साबित हुआ।
नए साल 2026 की ऑनलाइन शॉपिंग यह दिखाती है कि भारत में घर पर सेलिब्रेशन का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। लोग सुविधा, समय और आराम को प्राथमिकता दे रहे हैं। फोन पर कुछ क्लिक और मिनटों में सामान दरवाज़े पर यही नए भारत की न्यू ईयर शॉपिंग कहानी है।