अमेरिकी टकसाल (U.S. Mint) ने पेनी बंद करने के लिए अपना अंतिम ऑर्डर दे दिया है, और इसके पूरा होते ही इन सिक्कों का निर्माण स्थायी रूप से बंद कर दिया जाएगा।
अमेरिकी वित्त विभाग के एक अधिकारी ने इस निर्णय की पुष्टि करते हुए बताया कि पेनी बनाने की लागत में 2024 में 20% से अधिक की वृद्धि हुई है। फिलहाल एक पेनी बनाने में चार पेनी से अधिक की लागत आ रही है, जिससे सरकार को प्रत्येक सिक्के पर घाटा उठाना पड़ रहा है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस वर्ष फरवरी में इस निर्णय का संकेत देते हुए कहा था कि उन्होंने पेनी की ढलाई बंद करने का आदेश दिया है। वित्त विभाग के मुताबिक, इस फैसले से सरकार को हर साल करीब 5.6 करोड़ डॉलर की सामग्री लागत में सीधी बचत होगी।
हालांकि अमेरिका में अभी करीब 114 अरब पेनी प्रचलन में हैं, लेकिन इनका वास्तविक उपयोग बहुत कम हो गया है।
भारत में जैसे एक रुपये के 100वें हिस्से को "पैसा" कहा जाता है, वैसे ही अमेरिका में पेनी का उपयोग होता है। लेकिन बढ़ती लागत और डिजिटल भुगतान के दौर में इसकी उपयोगिता अब घटती जा रही है।