हरियाणा में इस हफ्ते एक ऑनलाइन नीलामी ने इतिहास रच दिया। एक खास कार नंबर प्लेट HR88B8888 को पूरे 1.17 करोड़ रुपये में खरीदा गया। बोली बुधवार शाम 5 बजे खत्म हुई और इसी के साथ यह नंबर भारत में अब तक की सबसे महंगी रजिस्ट्रेशन प्लेट बन गया।
हरियाणा सरकार हर हफ्ते खास या वीआईपी नंबरों की ऑनलाइन बोली कराती है। आमतौर पर नीलामी शुक्रवार शाम 5 बजे शुरू होती है। सोमवार सुबह 9 बजे तक लोग अपने पसंदीदा नंबर के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इसके बाद बुधवार शाम 5 बजे तक बोली का दौर चलता है। यह पूरी प्रक्रिया सरकारी पोर्टल fancy.parivahan.gov.in पर ऑनलाइन होती है, जिससे पारदर्शिता बनी रहती है।
इस हफ्ते सभी की नजर HR88B8888 नंबर पर थी। इसकी बेस प्राइस सिर्फ 50,000 रुपये थी, लेकिन जैसे-जैसे बोली आगे बढ़ती गई, दांव भी बड़े होते गए। दोपहर तक बोली 88 लाख पहुंच चुकी थी।
अंत में ये नंबर 1.17 करोड़ रुपये पर जाकर ठहर गया। कुल 45 लोगों ने इस नंबर के लिए दावेदारी की। पिछले हफ्ते भी क्रेज कम नहीं था, जब HR22W2222 नंबर 37.91 लाख में नीलाम हुआ था।
इस नंबर की खासियत सिर्फ अंक नहीं, बल्कि उसका पैटर्न है। HR- हरियाणा राज्य कोड, 88- संबंधित जिला/आरटीओ, B- सीरीज का अक्षर, 8888- यूनिक चार अंकों का पैटर्न। सबसे दिलचस्प बात यह है कि अक्षर 'B' दिखने में 8 जैसा लगता है, इसलिए पूरा नंबर ऐसे दिखता है जैसे लगातार पांच बार “8” लिखा हो। यही पैटर्न इसे बेहद आकर्षक, दुर्लभ और स्टेटमेंट-मेकिंग बनाता है।
ये पहली बार नहीं है जब कोई नंबर सुर्खियों में आया हो। अप्रैल 2025 में केरल के एक उद्योगपति ने अपनी Lamborghini Urus Performante के लिए KL 07 DG 0007 नंबर 45.99 लाख रुपये में खरीदा था। ‘0007’ का संबंध जेम्स बॉन्ड से होने की वजह से इसकी कीमत लगातार बढ़ती गई।