Bihar Chunav: प्रत्याशियों की घोषणा में पुष्पम प्रिया ने मारी बाजी, 40 उम्मीदवारों का धर्म बताया 'बिहारी'

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 5, 2020, 10:35 AM IST

Bihar Assembly Elections 2020: सोशल मीडिया पर प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करते हुए प्रिया ने कहा कि वह अगले 24 से 36 घंटे में और 31 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करेंगी।

Bihar Chunav: प्रत्याशियों की घोषणा में पुष्पम प्रिया ने मारी बाजी, 40 उम्मीदवारों का धर्म बताया 'बिहारी'
Photo Credit: Facebook

पटना : बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के चुनाव के लिए प्लूरल्स पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में 40 उम्मीदवारों के नाम हैं। बिहार की राजनीति में एक नया राजनीतिक दल खड़ा करने वाली पुष्पम प्रिया चौधरी ने उम्मदीवारों की पहली सूची के बारे में जानकारी दी है। पार्टी की इस सूची में इंजीनियर, डॉक्टर, सामाजिक कार्यकर्ता, मर्चेंट नेवी के अफसर, शिक्षक, प्रोफेसर और किसानों को उम्मीदवार बनाया गया है। पुष्पम प्रिया ने लंदन स्कूल ऑफ इकॉनोमिक्स से पढ़ाई की है। प्रिया बिहार की राजनीति में बदलाव करने का दावा करती हैं।

31 और उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी प्लूरल्स पार्टी
सोशल मीडिया पर प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करते हुए प्रिया ने कहा कि वह अगले 24 से 36 घंटे में और 31 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करेंगी। इस सूची में शामिल सभी प्रत्याशियों के बारे में सबसे दिलचस्प बात यह है कि सभी ने अपना धर्म 'बिहारी' बताया है। बिहार की राजनीति में धर्म और जाति का दबदबा देखने को मिलता है लेकिन प्रिया ने एक नए तरह की पहल कर अपनी पार्टी को 'बिहारी' अस्मित से जोड़ने की कोशिश की है। साथ ही वह यह भी संदेश देना चाहती हैं कि वह राज्य में जाति एवं धर्म से दूर अलग तरह की राजनीति करना चाहती हैं। 

राजनीति में की है धमाकेदार एंट्री
गत मार्च के महीने में पुष्पम प्रिया ने अपने चुनावी आगाज से सभी को चौंका दिया था। उन्होंने करीब-करीब सभी समाचार पत्रों में एक पन्ने का विज्ञापन दिया था और इसमें कहा था कि उनकी प्लूरल्स पार्टी अगला विधानसभा चुनाव लड़ेगी। प्रिया अपनी पार्टी की तरफ से मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार भी हैं। 

सियासत से पुष्पम प्रिया का नाता पुराना
बिहार की राजनीति में कदम रखने वाली पुष्पम प्रिया का सियासत से नाता पुराना है। उनके पिता विनोद चौधरी जनता दल (यूनाइटेड) के नेता और विधान परिषद के सदस्य रह चुके हैं। अचानक से बिहार की राजनीति में पदार्पण करने वाली प्रिया लंदन रिटर्न हैं। लंदन से पुष्पम ने पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर्स डिग्री की पढ़ाई की है। खुद को बिहार के मुख्यमंत्री पद की दावेदार घोषित करने वाली पुष्पम दरभंगा की रहने वाली हैं।  

28 अक्टूबर को होगा पहले चरण का मतदान
बता दें कि बिहार में प्रथम चरण के लिए मतदान 28 अक्टूबर को होना है। प्रथम चरण के मतदान के लिए नामांकन प्रक्रिया गत एक अक्टूबर से प्रारंभ हो गई है। बिहार में इस बार मुख्य मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच है लेकिन दोनों गठबंधन की तरफ से अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की गई है। हालांकि, दोनों गठबंधन के बीच सीट बंटवारे पर सहमति बन गई है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!