Patna: 50 वर्षीय महिला के साथ गैंगरेप का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 22, 2020, 02:10 PM IST

पटना में 50 वर्षीय एक महिला के साथ गैंगरेप का वीडियो वायरल हो गया है। वीडियो के आधार पर पुलिस ने पीड़िता का पता लगा लिया है अब पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

Patna: 50 वर्षीय महिला के साथ गैंगरेप का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
Photo Credit: Representative Image

पटना : पटना में 50 वर्षीय एक महिला के साथ गैंगरेप का एक वीडियो वायरल हो गया है। मामला शुक्रवार का है। महिला गौरीचक थाने के अंतर्गत इलाके की निवासी बताई जाती है। उसे शुक्रवार को थाने लाया गया जहां पर उसने अपनी लिखित शिकायत दर्ज कराई है। गौरीचक थाने के एसएचओ राजेश कुमार मंडल ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि यह घटना 15 दिन पहले की है।

हमें शुक्रवार को ये वायरल वीडियो मिला जिसके बाद हमें वारदात के बारे में पता चला। उन्होंने बताया कि हमने लोकल पंचायत मुखिया से इस बारे में संपर्क किया जिन्होंने हमें पीड़िता तक पहुंचाने में मदद की। पीड़िता हाउसवाइफ बताई जाती है। 

पीड़िता के हवाले से मंडल ने बताया कि वह शहर से अपने गांव वापस लौट रही थी जब यह वारदात हुई। उसने बताया कि ऑटोरिक्शा से उतरने के बाद बाइक पर सवार एक व्यक्ति आया और उसे लिफ्ट ऑफर की।

उसने बताया कि उसे अपने गांव जाना है इस पर बाइक सवार ने कहा कि उसे भी उसी गांव की तरफ जाना है इसलिए वह उसे लिफ्ट दे सकता है। पीड़िता उसके कहने पर उसकी बाइक पर बैठ गई।

बाइक सवार ने रास्ते में कई लोगों को फोन किया। पीड़िता ने बताया कि बाइक सवार उसे एक एकांत जगह पर ले गया जहां पर 6 अन्य लोग भी पहुंचे। उनमें से 4 लोगों ने उसके साथ रेप किया जबकि एक ने वीडियो बनाई।

पीड़िता ने कहा कि सोशल मीडिया पर बदनामी के डर से उसने पुलिस में इसकी शिकायत नहीं की। उसने बताया कि वह उनमें से एक आरोपी को जानती है और उसे पहचान सकती है। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!