Bihar News: बिहार में हुआ बड़ा चमत्कार, मौत के पांच साल बाद लौट आया बेटा, मां बोली-मैंने ढूंढा मेरा लाल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 27, 2022, 09:45 PM IST

Bihar News: छपरा जिले से अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां पांच साल पहले मृत बच्चा जिंदा लौट आया है। बच्चे को देखने के लिए भीड़ उमड़ रही है। घटना को लोग चमत्कारिक भी बता रहे हैं।

Bihar News: बिहार में हुआ बड़ा चमत्कार, मौत के पांच साल बाद लौट आया बेटा, मां बोली-मैंने ढूंढा मेरा लाल
Photo Credit: Representative Image

Child Death From Snakebite: बिहार के छपरा जिले से अजीबोगरीब खबर सामने आई है। यहां एक महिला ने ऐसा दावा किया है, जिससे हर कोई हैरान है। महिला ने दावा किया है कि पांच साल पहले उसके बेटे को सांप ने काट लिया था, इस वजह से उनके बेटे ने दम तोड़ दिया था। महिला को एक बच्चा मिला है, जिसे महिला ने पहचान लिया है और अपने बेटे को जिंदा बताया है। महिला ने बच्चे को अपने साथ अपने घर ले आई है। यह मामला छपरा जिले के सरैया थाना इलाके के फेनहारा गांव का है। जानकारी के अनुसार, गांव के हरिंद्र महतो के पांच साल के पुत्र कृष्ण कुमार को साल 2017 में जहरीले सांप ने काट लिया था। 

बच्चे को मृत समझ लिया गया था और परिवार के लोगों ने गंडक नदी में केले के पेड़ के तने के साथ नाम और पता लिखकर जल प्रवाहित कर दिया था। अब कृष्ण कुमार की मां सुनीता देवी ने दावा किया है कि उसका बेटा जिंदा हो कर घर लौट आया है।

बच्चे को मृत समझ गंडक नदी में किया था प्रवाह

महिला सुनीता देवी के अनुसार, पांच साल पहले उनका बेटा पीपल के पेड़ के पास खेल रहा था, इस दौरान उसे जहरीले सांप ने काट लिया था। परिवार के लोगों ने कृष्ण को मृत समझकर गंडक नदी में केले के तने के ऊपर रखकर प्रवाह कर दिया था। बाद में किसी ने उन्हें जानकारी दी कि आपका बच्चा जिंदा है, यह सूचना मिलने के बाद वह परेशान हो गई, और उसकी तलाश करनी शुरू कर दी थी। मंगलवार को इसुआपुर के विशुनपुरा से खबर मिली कि बच्चा यहां है, सूचना मिलते ही सुनीता देवी वहां पहुंची और बच्चे को अपने साथ घर ले आई।

मृत बच्चे के जिंदा होकर लौटने की खबर से ग्रामीण हैरान

महिला सुनीता देवी दावा कर रही है कि उनके बच्चे के शरीर पर निशान और नाक के पास मस्सा है, इसलिए यह बच्चा उनका ही है, इसे हमने मृत समझ कर जल प्रवाहित कर दिया था। हालांकि बच्चा अपना नाम साफ नहीं बता पा रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि यह बच्चा मंदबुद्धि है। वहीं, मृत बच्चे के जिंदा होकर लौटने की खबर से ग्रामीण हैरान हैं। बच्चे को देखने के लिए भीड़ उमड़ रही है। लोग घटना को चमत्कारिक भी बता रहे हैं।
 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!