Bihar Chunav: 'गरीब राज्य' के अमीर उम्मीदवार, बिहार के पहले चरण के चुनाव में 153 धनकुबेर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 20, 2020, 01:54 PM IST

Bihar Assembly Elections 2020: पहले चरण में दूसरे सबसे धनी उम्मीदवार राजेश कुमार हैं। इनकी कुल संपत्ति 33.6 करोड़ रुपए है। कुमार औरंगाबाद की कुटुंबा सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार हैं।

Bihar Chunav: 'गरीब राज्य' के अमीर उम्मीदवार, बिहार के पहले चरण के चुनाव में 153 धनकुबेर

पटना : बिहार के बारे में एक आम अवधारणा है कि यह एक गरीब राज्य है लेकिन विधानसभा चुनाव के पहले चरण के उम्मीदवार की संपत्तियां कुछ और ही कहानी कहती हैं। पहले चरण के 1065 उम्मीदवारों में से 153 प्रत्याशी करोड़पति हैं। बिहार में तीन चरणों में 28 अक्टूबर, तीन नवंबर और सात नवंबर के लिए वोट डाले जाएंगे जबकि नतीजे 10 नवंबर को आएंगे।

प्रत्याशियों की संपत्ति 1 करोड़ से लेकर 53 करोड़ के बीच
रिटर्निंग ऑफिसर के पास उम्मीदवारों ने जो अपना हलफनामा दायर किया है उसके मुताबिक महागठबंधन (राजद-कांग्रेस एवं वाम दल) के 58 प्रतिशत उम्मीदवार और एनडीए (भाजपा, जेडीयू, हम एवं वीआईपी) के 60 फीसदी प्रत्याशी करोड़पति हैं। इन प्रत्याशियों की संपत्ति एक करोड़ से लेकर 53 करोड़ के बीच है। पहले चरण की सबसे धनी उम्मीदवार जेडीयू नेता एवं एमएलसी मनोरमा देवी हैं। इन्होंने अपनी संपत्ति करीब 53 करोड़ बताई है। वह गया जिले की अतरी सीट से चुनाव लड़ रही हैं। मनोरमा की चल संपत्ति 26.18 करोड़ और अचल संपत्ति 27 करोड़ रुपए की है। उन्होंने अपने फिक्सड डिपॉजिट के खिलाफ 1.69 करोड़ रुपए का लोन दिखाया है।

राजेश कुमार सबसे धनी उम्मीदवार 
पहले चरण में दूसरे सबसे धनी उम्मीदवार राजेश कुमार हैं। इनकी कुल संपत्ति 33.6 करोड़ रुपए है। कुमार औरंगाबाद की कुटुंबा सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। जबकि तीसरे सबसे धनी उम्मीदवार जेडीयू के कौशल यादव हैं। कौशल नवादा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। इन्होंने अपनी कुल संपत्ति 26.13 करोड़ रुपए बताई है। इसी सीट पर उनकी प्रतिद्वंद्वी राजेडी की विभा देवी हैं। विभा देवी की संपत्ति 22.47 करोड़ रुपए है।

टॉप टेन धनी उम्मीदवारों में 4 राजद के
सबसे धनी टॉप 10 उम्मीदवारों में चार प्रत्याशी आरजेडी, तीन जेडीयू और कांग्रेस, आरएलएसपी एवं एलजेपी से एक-एक हैं। राजद उम्मीदवार अनंत सिंह की इस बार 19 करोड़ रुपए की संपत्ति बढ़ गई है। 2015 के विधानसभा चुनाव में सिंह की संपत्ति 69.5 करोड़ रुपए थी। सिंह एक बार फिर मोकामा से राजद उम्मीदवार हैं। राजद के दूसरे अमीर उम्मीदवार फतेह बहादुर सिंह हैं। देहरी से चुनाव लड़ रहे फतेह बहादुर की संपत्ति 12 करोड़ है जबकि राजद के ही मेवालाल चौधरी की संपत्ति 11 करोड़ रुपए है। चौधरी तारापुर सीट से चुनाव मैदान में हैं।  

बांका से आरएलएसपी के उम्मीदवार कौशल कुमार सिंह आठवें सबसे धनी उम्मीदवार हैं। इनकी कुल संपत्ति 10.7 करोड़ रुपए है। जबकि बांका से ही लोजपा उम्मीदवार मीना देवी की संपत्ति 10.5 करोड़ रुपए है। संदेश से आरजेडी प्रत्याशी किरण देवी की कुल संपत्ति 10.2 करोड़ है। बिहार की मौजूदा विधानसभा की 240 विधायकों में से 160 विधायक करोड़पति हैं।  

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!