Greater Noida News: दहेज नहीं मिला तो पति ने भाई संग मिलकर पत्नी को जिंदा जलाया, अब गिरफ्तार हुए आरोपी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 23, 2022, 06:50 PM IST

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा पुलिस ने पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी और उसके बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने 22 साल की संजना को दहेज न मिलने पर आग के हवाले कर दिया था।

Greater Noida News: दहेज नहीं मिला तो पति ने भाई संग मिलकर पत्नी को जिंदा जलाया, अब गिरफ्तार हुए आरोपी

Greater Noida News: दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में पुलिस ने पत्नी के हत्यारे पति व उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि इन दोनों भाइयों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर 22 वर्षीय विवाहिता को जिंदा जलाकर हत्या कर दी थी। जिसके बाद दोनों भाई मौके से फरार हो गए थे। पुलिस लगातार दोनों भाइयों की तलाश कर रही थी। गुरुवार को इनपुट के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपी भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। 

मिली जानकारी के अनुसार आरोपियों की पहचान अशोक और रविंद्र के रूप में की गई है। अशोक और रविंद्र दोनों सगे भाई हैं। अशोक छोटा तो रविंद्र बड़ा भाई है। आरोपी ग्रेटर नोएडा के थाना इकोटेक 2 क्षेत्र के गांव सादुल्लापुर के निवासी हैं। जानकारी के अनुसार अशोक की शादी साल 2019 में लोनी निवासी संजना से हुई थी। आरोप है कि शादी के समय मनचाहा दहेज न मिलने से अशोक और उसका परिवार नाराज था। 

परिजनों का आरोप, दहेज नहीं मिला तो लगा दी आग

आरोप है कि अशोक और उसका परिवार लगातार संजना और उसके परिवार से दहेज की मांग कर रहे थे। लेकिन संजना के घरवाले दहेज की मांग पूरी नहीं कर पा रहे थे। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर अशोक ने अपने बड़े भाई रविंद्र के साथ मिलकर संजना को जला दिया। इस घटना में संजना बुरी तरह जल गई और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।सूचना पाकर मौके पर पहुंचे संजना के परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर पति अशोक व जेठ रविंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया। केस दर्ज होने के बाद से ही पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। जिसके बाद गुरुवार को पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मृतका के परिजनों ने पुलिस को बताया कि संजना के ससुराल वाले दहेज को लेकर प्रताड़ित करते थे। जिसको लेकर महिला परेशान रहती थी।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!