Mumbai: आज से लोकल ट्रेनों में महिलाओं को यात्रा करने की अनुमति, समय का रखना होगा ध्यान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 17, 2020, 07:19 AM IST

Mumbai local trains: महाराष्ट्र सरकार ने आज से मुंबई लोकल ट्रेनों में महिलाओं को सफर करने की अनुमति दे दी है। हालांकि इस दौरान महिलाओं को समय का ध्यान रखना होगा।

Mumbai: आज से लोकल ट्रेनों में महिलाओं को यात्रा करने की अनुमति, समय का रखना होगा ध्यान

नई दिल्ली: मुंबई में महिलाओं को बड़ी राहत देते हुए राज्य सरकार ने आज से यानी 17 अक्टूबर से महिलाओं को लोकल ट्रेनों में यात्रा करने की अनुमति दे दी है। आपदा प्रबंधन, राहत और पुनर्वास विभाग के सचिव द्वारा जारी एक आदेश में कहा गया है कि महिलाओं को यात्रा करने की अनुमति दी जाएगी। लोकल ट्रेनों में महिलाओं की यात्रा के लिए दो टाइम स्लॉट तय किए गए हैं।

सचिव किशोर राजे निंबालकर द्वारा जारी एक आदेश में कहा गया है कि महिलाओं को मुंबई उपनगरीय ट्रेनों में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच और फिर शाम 7 बजे से सेवा समाप्ति तक यात्रा की अनुमति दी जाएगी। आदेश मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र दोनों के लिए मान्य है। वैध टिकट रखने वाली महिलाओं को लोकल ट्रेन की सेवाओं का उपयोग करने की अनुमति दी जाएगी।

आदेश में कहा गया है, 'यह अनुरोध किया जाता है कि मुंबई और एमएमआर क्षेत्र में 17 अक्टूबर 2020 से लोकल ट्रेन सेवाएं सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक और फिर शाम 7 बजे से सेवाओं के अंत तक सभी महिलाओं के लिए उपलब्ध कराई जा सकती हैं। इस समयावधि के दौरान यात्रा करने वाली महिलाओं के लिए क्यूआर कोड की आवश्यकता नहीं होगी।'

आदेश में दोहराया गया है कि लोकल ट्रेनों में यात्रा करने के लिए आपातकालीन सेवा के कर्मचारियों को दी गई पूर्व अनुमति पूरे दिन के लिए वैध बनी रहेगी। सचिव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बढ़ी हुई मांग को पूरा करने के लिए लोकल ट्रेनों की फ्रीक्वैंसी बढ़ाई जाए।

मेट्रो सेवाएं भी शुरू

महाराष्ट्र सरकार ने अपने अभियान 'बिगिन अगेन' के तहत मुंबई में मेट्रो ट्रेनों का संचालन 15 अक्टूबर से चरणबद्ध तरीके से करने की अनुमति दे दी है। सरकार के फैसले के तुरंत बाद, महानगर में वर्सोवा- अंधेरी-घाटकोपर गलियारे का संचालन करने वाली मुंबई मेट्रो वन प्राइवेट लिमिटेड (एमएमओपीएल) ने कहा कि इस मार्ग पर मार्च से निलंबित सेवाएं 19 अक्टूबर से फिर से शुरू होंगी। एमएमओपीएल के एक प्रवक्ता ने कहा कि उन्हें मेट्रो सेवाएं शुरू करने के बारे में राज्य सरकार से एक आधिकारिक पत्र प्राप्त हुआ है। एमएमओपीएल ने ट्विटर पर कहा कि वर्सोवा-अंधेरी-घाटकोपर के बीच मेट्रो लाइन का संचालन सोमवार सुबह 8.30 बजे से शुरू होगा।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!