Mumbai Corona Update: मुंबई में कोरोना को लेकर बीएमसी ने जारी की गाइडलाइन, जानिए क्या हैं नए दिशा-निर्देश

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 6, 2022, 09:12 PM IST

Covid Alert in Mumbai: मुंबई में बढ़ते कोरोना केसों पर रोक लगाने के लिए बीएमसी की तरफ से जरूरी गाइडलाइन जारी की गई है। बीएमसी ने चौथी लहर की आशंका जताते हुए लोगों से मास्‍क पहनने की अपील की है। साथ ही अब शहर के अंदर व्‍यापक स्‍तर पर सेनेटाइजेशन का कार्य किया जाएगा। मुंबई के अंदर मौजूद सभी अस्‍पतालों को अलर्ट कर दिया गया है।

Mumbai Corona Update: मुंबई में कोरोना को लेकर बीएमसी ने जारी की गाइडलाइन, जानिए क्या हैं नए दिशा-निर्देश
Photo Credit: Representative Image

Covid Alert in Mumbai: मुंबई में कोरोना ने फिर से अपने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। इसे चौथी लहर के तौर पर देखा जा रहा है। इसकी रोकथाम के लिए बीएमसी ने सावधानियां बरतनी शुरू कर दी हैं। इस संबंध में बीएमसी की तरफ से कई गाइडलाइंस जारी की गई हैं। मुंबई में कोविड-19 के मामलों में पिछले एक सप्‍ताह से लगातार बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। यहां पर रविवार को कोरोना के नए मरीजों की संख्या 900 के पार चली गई। तेजी से बढ़ते कोरोना को देखते हुए बीएमसी ने सभी प्रयोगशालाओं और अस्पतालों को अलर्ट कर दिया है।

बता दें कि, कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप पर रोक लगाने और इससे निपटने के लिए बीएमसी ने नए आदेश जारी किए हैं। बीएमसी ने अपने आदेश में सभी नागरिकों से मास्क पहनने की भी अपील की है। बीएमसी ने कहा कि अभी मास्‍क को लेकर चालान नहीं किया जा रहा है, लेकिन यह खुद की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। इसके अलावा, मानसून की शुरुआत में पानी से फैलने वाली मच्‍छर जनित बीमारियों को लेकर भी बीएमसी की तरफ से चेतावनी जारी की गई है।

बीएमसी ने जारी किए ये दिशा-निर्देश

बीएमसी की तरफ से जारी निर्देश में नागरिकों से मास्क पहनने और कोरोना नियमों का पालन करने की अपील की गई है। इसके अलावा स्‍वास्‍थ्‍य विभाग को टेस्टिंग बढ़ाने को भी कहा है। बीएमसी अधिकारियों ने बताया कि सभी जंबो कोविड केंद्र, परीक्षण प्रयोगशाला के साथ निजी अस्पतालों को भी कोरोना की चौथी लहर के लिए पहले से ही तैयार रहने को कहा है। वहीं कोरोना के रोकथाम के उपाय के तहत सभी झोपड़पट्टियों में सेनेटाइजेशन का काम किया जाएगा।  सभी सार्वजनिक शौचालयों को दिन में 5 बार सेनेटाइज किया जाएगा। ताकि कोविड के साथ मानसून से संबंधित बीमारियों के प्रसार पर भी रोक लगाई जा सके। इसके अलावा धीमी गति से चल रहे टीकाकरण अभियान में भी तेजी लाई जाएगी।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!