पुलिसकर्मियों से बोले Yogi- आप अच्छा करते हैं तो जनता हाथों हाथ लेती है, वरना खलनायक बनाने में नहीं लगाती देर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 2, 2021, 04:49 PM IST

Yogi in Police Headquarters: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय में पदक अलंकरण समारोह में हिस्सा लिया और पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया।

पुलिसकर्मियों से बोले Yogi- आप अच्छा करते हैं तो जनता हाथों हाथ लेती है, वरना खलनायक बनाने में नहीं लगाती देर

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय में यूपी के पुलिसकर्मियों को वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि अगर आप अच्छा करते हैं तो जनता हाथों हाथ लेती है और अगर आपने कुछ गलत किया तो जनता नायक से खलनायक बनाने में देर नहीं लगाती है।

पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित

इस मौके पर सीएम योगी ने कहा, 'प्रदेश के 75 पुलिस अधिकारियों/कार्मिकों को उनके द्वारा दिए गए विशिष्ट योगदान व उत्कृष्ट सेवाओं के लिए आज अलंकृत किया जा रहा है। मैं उन सभी पुलिस अधिकारियों/कार्मिकों को बधाई व शुभकामनाएं देता हूं। अगर समाज का हर नागरिक अपने-अपने क्षेत्र में पूरी ईमानदारी से कर्तव्यों का निर्वहन करने जुट जाए तो लक्ष्य प्राप्ति व संकल्पों को पूरा करने में देर नहीं लगेगी। मुझे लगता है कि अमृत महोत्सव का यह वर्ष हम सभी को इस बात के लिए प्रेरित करता है।'

आम लोगों का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा, 'आज समय बदला है, जनता जागरूक हुई है। उसके मन में शासन, प्रशासन व पुलिस के प्रति एक विश्वास जाग्रत हुआ है। इस विश्वास ने लोगों को विकास की ओर उन्मुख किया है, योजनाओं के साथ जोड़ा है। विगत साढ़े चार वर्षों के दौरान यूपी पुलिस ने अपने उत्कृष्ट कार्यों से न केवल पुलिस की, बल्कि पूरे प्रदेश की छवि बदलने में एक निर्णायक भूमिका निभाई है। प्रदेश में कानून व्यवस्था पहले से बेहतर हुई है'

कही साइबर थानों की बात

सीएम योगी ने कहा, 'साइबर क्राइम थाने स्थापित करने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर चलने वाली एक-एक गतिविधि पर नजर रखनी होगी। हर हाल में उत्तर प्रदेश पुलिस बल के प्रति विश्वास बना रहना चाहिए, इसके लिए जो भी उपाय होने हैं उसे बेहतर ढंग से आगे बढ़ाना चाहिए। सही और सटीक जानकारी एक सामान्य जन से प्राप्त होती है, इसलिए मैंने जनता दर्शन कार्यक्रम प्रारंभ किया। इससे जनपदों की पूरी जानकारी मिलती है। हम जनता की समस्याओं की सुनवाई व समाधान करते हैं, वहीं जनता भी हमारी एक-एक गतिविधि पर नजर रखती है।'

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!