भूपेश बघेल का अखिलेश यादव पर हमला, BJP पर लगाया UP को बर्बाद करने का आरोप

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 23, 2021, 05:44 PM IST

Bhupesh Baghel in UP: लखनऊ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने BJP के साथ-साथ समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा है।

भूपेश बघेल का अखिलेश यादव पर हमला, BJP पर लगाया UP को बर्बाद करने का आरोप

2022 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। राजनीतिक पार्टियां एक-दूसरे पर जबरदस्‍त तरीके से हमलावर हो गई हैं। कांग्रेस पार्टी ने भाजपा और सपा को निशाने पर ले रखा है। लखनऊ में बख्शी तालाब में कांग्रेस के मीडिया संयोजक ललन कुमार द्वारा आयोजित जनसभा में शामिल होने आए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि मैं पहले जब उत्तर प्रदेश आता था तो खुशहाली थी, रोजगार हुआ करते थे लेकिन पिछले कुछ साल की सपा और भाजपा सरकारों ने प्रदेश को बर्बाद कर पीछे धकेल दिया। भारतीय जनता पार्टी धर्म के नाम पर राजनीति करती है। भाजपा के नेता कभी आप के मुद्दे पर बात नहीं करते। बड़े-बड़े वादे किए थे भाजपा ने, नौजवानों को नौकरियां देने की बात कही थी। किसानों से कहा था आपकी आय दुगुनी करेंगें लेकिन यहां पर MSP पर खरीद भी नहीं हो पाती है। 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सपा प्रमुख पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश जी विकास के मुद्दे पर वोट नही मांगते। जब उत्तर प्रदेश में नौजवानों को छला जा रहा था, किसानों पर गाड़ियां चलाई जा रही थी, उस समय अखिलेश जी नहीं बोले। महिलाओं के साथ अत्याचार होता रहा लेकिन अखिलेश जी की आवाज नहीं निकली। 

बघेल ने आगे कहा कि अपने हित और रोजगार और विकास के मुद्दे पर वोट दीजिए, कांग्रेस नौजवानों के रोजगार के लिए, महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए और जनहित के जुड़े मुद्दों पर हमेशा काम करती है। उत्तर प्रदेश बदलाव का मन बना चुका है और प्रियंका जी लगातार उत्तर प्रदेश के महिला शक्ति के सम्मान और राजनैतिक भागीदारी और नौजवानों, किसानों की आवाज उठा रही हैं। उत्तर प्रदेश की 6:50 करोड़ नारी शक्ति को प्रियंका गांधी के रूप में अपनी नेता मिल चुकी है। 

जनसभा में प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी शहादत और बलिदान की पार्टी है। कांग्रेस पार्टी ने कभी समझौता नहीं किया, इस देश की एकता और अखंडता के लिए कांग्रेस के नेता बलिदान हो गए लेकिन कभी झुके नहीं, हमेशा आप की लड़ाई लड़ी। अब 2022 में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी प्रियंका दीदी के नेतृत्व में सरकार बनाने जा रही है। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के मीडिया संयोजक/प्रवक्ता अंशू अवस्थी, जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी, AICC ऑब्जर्वर सुनील झंझारियां, प्रवक्ता सचिन रावत, प्रवक्ता विकास श्रीवास्तव, ब्लाक अध्यक्ष संतोष द्विवेदी,शीला मिश्रा, जावेद अहमद, और अन्य कांग्रेस जनों ने संबोधित किया।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!