UP:प्रदेशव्‍यापी सर्विलांस कार्यक्रम में 3 करोड़ घरों को महज दस दिनों में किया गया कवर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 18, 2021, 11:19 AM IST

Surveillance teams in UP: उत्तर प्रदेश सरकार के माइक्रो प्‍लॉन से दस दिन में तीन करोड़ परिवारों तक पहुंची सर्विलांस टीमें, इस वृहद प्रदेशव्यापी सर्विलांस अभियान को तेजी से चलाया गया।  

UP:प्रदेशव्‍यापी सर्विलांस कार्यक्रम में 3 करोड़ घरों को महज दस दिनों में किया गया कवर

लखनऊ: उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य विभाग की सर्विलांस टीमों ने प्रदेश के तीन करोड़ परिवारों को महज दस दिनों में कवर किया है। बदलते मौसम के चलते बढ़ने वाली बीमारियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रदेश सरकार अलर्ट मोड पर काम कर रही है। राज्य सरकार जल जनित रोगों पर अंकुश लगाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के साथ ही जमीनी स्‍तर पर हर संभव प्रयास कर रही है। जिसके चलते प्रदेशव्‍यापी सर्विलांस कार्यक्रम दस दिनों तक चला। 

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने इस माह के पहले सप्‍ताह स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और सभी संबंधित विभागों को डेंगू और जलजनित बीमारियों के कुछ मामलों को देखते हुए चिकित्सा सुविधाओं और साफ-सफाई का ध्यान रखने के निर्देश दिए थे। जिसके तहत प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग की टीम की ओर से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में वृहद स्‍तर पर सर्विलांस कार्यक्रम को आयोजित किया गया। प्रदेश में 7 से 16 सितंबर तक चलाए गए इस सर्विलांस कार्यक्रम में घर-घर जाकर बुखार से पीड़ित और कोविड के लक्षण वाले लोगों को चिन्हित किया गया। 

इस वृहद प्रदेशव्यापी सर्विलांस अभियान को तेजी से चलाया गया

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक प्रदेश में दस दिवसीय सर्विलांस अभियान के तहत 75 जनपदों में 06 लाख 55 हजार से अधिक टीमों द्वारा सर्विलांस कार्यकम का संचालन किया गया। इन टीमों की ओर से माइक्रो प्‍लान के अनुसार 3 करोड़ 32 लाख 25 हजार से अधिक घरों को सर्विलांस कार्यक्रम के तहत कवर किया गया। इस वृहद प्रदेशव्यापी सर्विलांस अभियान को तेजी से चलाया गया। इसके साथ ही इस अभियान में प्रदेश में बुखार व संक्रमण के अन्य लक्षणों के मरीजों की पहचान भी प्राथमिकता के आधार पर की गई। 

2 लाख 72 हजार से अधिक लक्षणयुक्‍त लोगों को किया गया चिन्हित

स्वास्थ्य विभाग की इन विशेष टीमों ने प्रदेश के हर एक गली मोहल्‍ले, गांव, बस्‍ती और शहरी इलाकों में बुखार से पीड़ित और कोविड के लक्षण वाले लोगों को चिन्हित किया। प्रदेशव्यापी सर्विलांस में लक्षण युक्‍त लोगों की पहचान प्राथमिकता के आधार पर की गई। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार इस दस दिवसीय सर्विलांस कार्यक्रम में 2,72,419 लक्षणयुक्‍त लोगों को चिन्हित किया गया।
 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!