Lucknow Murder Case: लखनऊ में घर पर मिला गर्भवती का शव, पति ने अपने ही भाइयों पर लगाया मर्डर का आरोप

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 12, 2022, 03:38 PM IST

Lucknow Murder: लखनऊ में एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। एक गर्भवती महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। महिला की लाश घर में ही बेड पर पड़ी थी। महिला के पति ने हत्या का आरोप अपने ही भाइयों पर लगाया है। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है।

Lucknow Murder Case: लखनऊ में घर पर मिला गर्भवती का शव, पति ने अपने ही भाइयों पर लगाया मर्डर का आरोप
Photo Credit: Representative Image

Lucknow Murder Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक गर्भवती की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद मृतक महिला के पति ने अपने भाइयों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि संपत्ति के विवाद को लेकर इस वारदात को अंजाम दिया गया है। वहीं पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। 

पुलिस के अनुसार मड़ियांव के हरिओम नगर में 28 वर्षीय सीमा पाल की रविवार को गला घोंटकर हत्या कर दी गई। मृतक महिला के पति की तहरीर पर देवरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। 

संपत्ति को लेकर ली महिला की जान

इस वारदात के बाद पुलिस ने पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है। थाना निरीक्षक मड़ियांव अनिल सिंह ने बताया कि हरिओम नगर में शोभित पाल का परिवार रहता है। परिवार में उनके साथ दो भाई दीपक और प्रदीप भी रहते हैं। पीड़ित शोभित का आरोप है कि संपत्ति को लेकर दोनों भाइयों से विवाद चल रहा था, जिसकी वजह से उसकी पत्नी की हत्या कर दी गई। वहीं पुलिस ने पीड़ित पति के बयान दर्ज कर वारदात के सभी बिंदुओं के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

बेड पर पड़ा था सीमा का शव 

बताया गया कि शोभित निजी वाहन चलाने का काम करता है। रोजाना की तरह रविवार को सुबह 7:00 बजे वह ड्यूटी पर चला गया था। वहीं दोपहर में 1:30 बजे जब वह खाना खाने के लिए घर पहुंचा तो सीमा की लाश देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने बताया कि सीमा की लाश बेड पर पड़ी हुई थी। यही नहीं कमरे का सामान भी अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था। इसके बाद उसने पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शोभित को कार्रवाई का पूरा आश्वासन दिया है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!