सुबह की चाय से लेकर बच्चों के गिलास तक, दूध हर किसी के जीवन का ऐसा हिस्सा है जिसके बिना पोषण अधूरा लगता है। यही वजह है कि दुनिया भर में दूध और डेयरी उत्पादों के महत्व पर जोर देने के लिए हर साल 1 जून को विश्व दुग्ध दिवस (World Milk Day) मनाया जाता है। यह दिन केवल दूध पीने की आदत को बढ़ावा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन लाखों डेयरी किसानों और पशुपालकों के योगदान को भी सम्मान देता है जो इस उद्योग की रीढ़ हैं।
यह भी पढ़ें - हर्षवर्धन राणे ने बताए फिट बॉडी बनाने के 3 सीक्रेट
आज कल की मॉडर्न लाइफस्टाइल में जहां फास्ट फूड और प्रोसेस्ड भोजन का चलन बढ़ रहा है। वहां दूध को बैलेंस्ड डाइट का महत्वपूर्ण हिस्सा मानने की जरूरत पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। विश्व दुग्ध दिवस लोगों को यह समझाने का अवसर भी देता है कि दूध केवल एक पेय पदार्थ नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, पोषण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ा एक महत्वपूर्ण संसाधन है। यहा विस्तार से पढ़ें आखिर क्यों मनाते हैं मिल्क डे, इस साल की थीम क्या है।
क्यों मनाया जाता है विश्व दुग्ध दिवस?
विश्व दुग्ध दिवस की शुरुआत साल 2001 में संयुक्त राष्ट्र की संस्था खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) द्वारा की गई थी। इसका उद्देश्य लोगों को दूध के पोषण मूल्य, डेयरी उद्योग के सामाजिक-आर्थिक महत्व और खाद्य सुरक्षा में उसकी भूमिका के प्रति जागरूक करना था। तब से यह दिन दुनिया के अनेक देशों में उत्साह के साथ मनाया जाता है।

World Milk Day
विश्व दुग्ध दिवस 2026 थीम
इस वर्ष विश्व दुग्ध दिवस की थीम Celebrating Women Farmers रखी गई है। इसका उद्देश्य डेयरी क्षेत्र में महिलाओं के अमूल्य योगदान को सम्मान देना है। पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महिला किसान महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। यह थीम उनके परिश्रम, नेतृत्व और खाद्य सुरक्षा में योगदान को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास है।
स्वास्थ्य के लिए दूध क्यों जरूरी है?
दूध कैल्शियम, प्रोटीन, विटामिन डी, फॉस्फोरस और कई आवश्यक पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत माना जाता है। यह हड्डियों को मजबूत बनाने, मांसपेशियों के विकास और शरीर की ऊर्जा बनाए रखने में मदद करता है। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सभी के लिए दूध उपयोगी साबित होता है। पोषण और स्वास्थ्य को लेकर जागरुक नागरिकों के लिए दूध और डेयरी उत्पाद बेहद आवश्यक है।
