शहर

उत्तर प्रदेश में बदलेगा मौसम का मिजाज, सुस्त पड़ा मानसून हुआ एक्टिव; अगले 24 घंटों में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में कुछ दिनों की सुस्ती के बाद मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने की तैयारी में है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। हालांकि, अब तक राज्य में सामान्य से काफी कम वर्षा दर्ज होने के कारण बारिश की कमी चिंता का विषय बनी हुई है।

Image

यूपी में फिर दिखएगा मानसून तेवर (AI फोटो)

Uttar Pradesh Monsoon: उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से सुस्त पड़ा मानसून एक बार फिर सक्रिय हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में कुछ जगहों पर बारिश का अनुमान जताया है। लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश होने या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। वेदर रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि, इस दौरान लखनऊ और आसपास के इलाकों में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। गौरतलब है कि प्रदेश में पिछले दिनों हुई बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव, पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसी समस्याएं सामने आई थीं।

मानसूनी गतिविधियां काफी कम

हालांकि, गुरुवार को पूरे राज्य में मानसून की गतिविधियां काफी कम रहीं। प्रदेश में अब तक 9.4 मिलीमीटर के सामान्य स्तर के मुकाबले 1.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो 82 प्रतिशत की कमी है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य से 77 प्रतिशत कम बारिश हुई है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में यह आंकड़ा 92 प्रतिशत रहा है। राज्य में इस मौसम में अब तक दक्षिण-पश्चिमी मानसून (Southwest Monsoon) की बारिश में 27 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

कहां कितनी हुई बारिश?

मौसम विभाग के आंकड़ों से पता चला है कि उत्तर प्रदेश में एक जून से 16 जुलाई के बीच सामान्य 229.4 मिलीमीटर के मुकाबले कुल 167.2 मिलीमीटर बारिश हुई। पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य 254 मिलीमीटर के मुकाबले केवल 150.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो 41 प्रतिशत की कमी है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सामान्य 195.1 मिलीमीटर के मुकाबले 191.2 मिलीमीटर बारिश हुई, जो केवल दो प्रतिशत की कमी है।

क्या कहते हैं शहरों से आकड़े?

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, मेरठ में मौसमी बारिश में सबसे अधिक वृद्धि (सामान्य से 147 प्रतिशत ज्यादा) दर्ज की गई, इसके बाद मुजफ्फरनगर (141 प्रतिशत), संभल (84 प्रतिशत) और एटा (74 प्रतिशत) का स्थान रहा। वहीं, भदोही में मौसमी बारिश में सर्वाधिक 89 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई, जबकि पीलीभीत में यह आंकड़ा 85 प्रतिशत, कौशांबी में 83 प्रतिशत, कानपुर देहात में 78 प्रतिशत और जौनपुर में 76 प्रतिशत रहा।

ऐसा रहा तापमान का हाल

राजधानी लखनऊ में 201.9 मिलीमीटर के सामान्य स्तर के मुकाबले कुल 108.1 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो 46 प्रतिशत की कमी है। इस बीच, राज्य के ज्यादातर हिस्सों में तापमान सामान्य के आसपास रहा। गुरुवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.3 डिग्री कम) और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक) दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान बांदा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के अनुसार, फतेहपुर में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस, झांसी में 38.4 डिग्री सेल्सियस और उरई में 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article