Bihar Gaya Borewell Accident: बिहार के गया जिले से एक बेहद चिंताजनक घटना सामने आई है। गुरपा थाना क्षेत्र के रंगू नगर में गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे खेलते समय एक तीन वर्षीय बच्चा खुले बोरवेल में गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस, जिला प्रशासन और राहत-बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंचे तथा बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर अभियान शुरू कर दिया गया।
खेलते-खेलते खुले बोरवेल में गिरा मासूम
जानकारी के अनुसार, बोरवेल में गिरने वाले मासूम की पहचान रंगू नगर निवासी दिनेश मांझी के तीन वर्षीय पुत्र पीयूष कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना के समय पीयूष की मां घर के बाहर बोरवेल के पास खाट लगाने में व्यस्त थीं। इसी दौरान पीयूष खेलते-खेलते खुले बोरवेल के करीब पहुंच गया। बताया जा रहा है कि उसके हाथ में मोबाइल फोन भी था। खेलते हुए अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह लगभग 30 फीट गहरे खुले बोरवेल में जा गिरा।
प्रशासन ने शुरू किया राहत और बचाव कार्य
घटना के बाद परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और 7 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
बचाव कार्य के दौरान मौके पर विशेषज्ञों की टीम, पुलिसकर्मी और मेडिकल स्टाफ भी तैनात थे। बच्चे तक पर्याप्त ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए जरूरी इंतजाम भी किए गए थे।
