लाइफस्टाइल

डोसा बनाने से पहले तवे पर क्यों छिड़कते हैं पानी? जानिए आखिर क्यों करते हैं ऐसा

गर्म नॉन-स्टिक तवे पर बार-बार पानी छिड़कने से उसकी कोटिंग खराब हो सकती है। खाली नॉन-स्टिक तवे को बहुत तेज गरम करने से भी नुकसान हो सकता है।

Image

जानिए डोसा बनाने से पहले तवे पर क्यों छिड़कते हैं पानी (AI Image)

आपने अगर डोसा बनते देखा है तो ये बात जरूर नोटिस की होगी कि गर्म तवे पर डोसे के बैटर को फैलाने से पहले उस पर पानी छिड़का जाता है। हालांकि इस बात पर शायद ही गौर किया हो कि आखिर ऐसा किया क्यों जाता है। क्या ये सिर्फ एक आदत है या फिर कुछ और?

इस बाबत हमने जब डोसे बनाने वाले रसोइयों से बात की तो पता चला कि तवे पर थोड़ा पानी छिड़कना तापमान जांचने का पारंपरिक तरीका है। अगर पानी डालते ही छन्न की आवाज के साथ जल्दी सूख जाए, तो इसका मतलब है कि तवा काफी गरम है। साथ ही, अगर तवा जरूरत से ज्यादा गरम हो गया हो, तो पानी की कुछ बूंदें उसकी गर्मी को थोड़ा कम कर देती हैं, जिससे डोसे का घोल आसानी से फैल पाता है।

ये लोग बताते हैं कि डोसा बनाने के लिए गर्मी और नमी का सही संतुलन बहुत जरूरी है। अगर तवा बहुत ज्यादा गरम होगा, तो घोल डालते ही पकने लगेगा और पतला नहीं फैल पाएगा। वहीं, अगर तवा कम गरम रहा, तो डोसा नरम, फीका और कम कुरकुरा बनेगा।

पानी छिड़कते वक्त किन बातों का रखें ध्यान

तवे पर पानी छिड़कते वक्त सावधानी बरतना जरूरी है। बहुत गरम तवे पर पानी डालने से भाप या गरम छींटे हाथ या चेहरे पर आ सकते हैं, जिससे जलने का खतरा रहता है। इसलिए सीधे पानी उड़ेलने के बजाय बस कुछ ही बूंदें छिड़कनी चाहिए।

किस तरह के तवे पर ना छिड़कें पानी

नॉन-स्टिक तवे पर बार-बार अचानक तापमान बदलने से उसकी कोटिंग खराब हो सकती है। खाली नॉन-स्टिक तवे को बहुत तेज गरम करने से भी नुकसान हो सकता है। वहीं, लोहे का तवा मजबूत होता है, लेकिन अचानक ठंडा-गरम होने से उस पर असर पड़ सकता है और तेल लगा होने पर छींटे उड़ सकते हैं। इसलिए पकाने के तुरंत बाद तवे पर पानी डालने के बजाय उसे धीरे-धीरे ठंडा होने देना बेहतर है।

कुरकुरे डोसे के लिए तापमान और सही तवा

अच्छे और कुरकुरे डोसे के लिए तवे का मध्यम गरम होना जरूरी है। शुरुआत के लिए करीब 180 से 200 डिग्री सेल्सियस का तापमान ठीक माना जाता है, हालांकि यह तवे और घोल पर भी निर्भर करता है। बहुत तेज आंच से डोसा चिपक या नरम पड़ सकता है।

लोहे का तवा गर्मी को अच्छे से रोकता है और कुरकुरा डोसा बनाता है। भारी तले वाला स्टेनलेस स्टील भी एक विकल्प है, जबकि नए लोगों के लिए अच्छा नॉन-स्टिक तवा आसान रहता है क्योंकि उसमें कम तेल लगता है। तवा चाहे जो भी हो, उसे बराबर गरम करना और हर डोसे के बीच आंच को संभालना ही बेहतरीन नतीजे देता है।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article