प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लॉन्ग टर्म निवेश के लिए India First का मंत्र दिया है। पीएम मोदी का कहना है कि अगले 20 वर्ष के लिए कोई भी लॉन्ग टर्म इन्वेस्टमेंट करें, तो उसके पीछे इंडिया फर्स्ट को आधार बनाएं। पीएम मोदी का कहना है कि इस तरह के निवेश से न केवल देश की आर्थिक तरक्की होगी। बल्कि, देश को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य भी हासिल करना आसान होगा।
FICCI के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, अगले 20 वर्षों के अपने हर लॉन्ग टर्म डिसीजन में इंडिया फर्स्ट (India First) को अपना आधार बनाइए। इससे देश आत्मनिर्भर होगा और आपके बिजनेस की ग्रोथ के लिए भी नए अवसर खुलेंगे। सोचिए, 100 साल हो गए... लेकिन 1930 में गांधी यही कहकर गए थे और आज इतने साल के बाद मुझे भी यही कहना पड़ रहा है। मेरी मत मानो, गांधी जी की तो मानो। वे भी स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत कहकर गए थे। मेरी इस बात को भी घर-घर में पहुंचाओ!
दुनिया की फार्मेसी आयात पर निर्भर
पीएम मोदी ने कहा कि भारत को दुनिया में "फार्मेसी ऑफ द वर्ल्ड" कहते हैं, लेकिन इसके बावजूद भारत हर साल API, बल्क ड्रग्स और ड्रग्स इंटरमीडिएट्स का अरबों डॉलर का इंपोर्ट करता है। ऐसी सैकड़ों कैटेगरी हैं, जिनमें हम आज भी आयात पर निर्भर हैं। हमारी फार्मा इंडस्ट्री को समझना होगा कि ऐसे कौन से इंग्रेडिएंट्स हैं, जिन्हें हम भारत में बना सकते हैं। किन क्षेत्रों में नई टेक्नोलॉजी और बड़े प्रोडक्शन प्लांट में इन्वेस्ट करके हम दूसरे देशों के सामने कॉम्पिटिटिव बन सकते हैं?
कृषि में निवेश बढ़ाने की अपील
इसके साथ ही पीएम मोदी ने देश के कृषि क्षेत्र को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए अपील करते हुए कहा, मैं आपसे आग्रह करूंगा कि हमारी इंडस्ट्री भारत के कृषि क्षेत्र में अपना निवेश बढ़ाए। स्पेसिफिक ओवरसीज मार्केट को ध्यान में रखकर डिपेंडेबल प्रोक्योरमेंट की व्यवस्था बनाइए और ऐसे प्रोडक्ट बनाइए जिनकी वहां डिमांड है, ताकि भारत के प्रोडक्ट्स दुनिया में हमारी पहचान बन सकें।
वेल्थ क्रिएटर्स का करें सम्मान
पीएम मोदी ने कहा कि कोई भी देश तब तरक्की करता है, जब वह अपने किसानों, छोटे कारोबारियों, उद्योगों और वेल्थ क्रिएटर्स व टैक्सपेयर्स का सम्मान करता है। हमने कॉर्पोरेट टैक्स की मूल दर को 2014 के 30% से घटाकर 22% कर दिया है। आज, ₹12 लाख तक की आय टैक्स-फ्री है। हमने टैक्स रिटर्न और रिफंड की प्रक्रिया को भी सरल बना दिया है। पहले रिफंड मिलने में आठ महीने तक लग जाते थे, लेकिन अब यह काम एक हफ्ते के भीतर पूरा हो जाता है।
