लाइफस्टाइल

राहुल गांधी का पसंद नहीं आया चिकन चैस्यूर का स्वाद, 150 साल पुराना है इस फ्रेंच डिश का इतिहास

राहुल गांधी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर प्यार में पड़ना है तो लंदन के वर्सिटी रेस्टोरेंट जाइए, लेकिन वहां चिकन शैस्यूर(Chicken Chasseur) मत खाइए।

Image

राहुल गांधी का पसंद नहीं आया चिकन चैस्यूर, 150 साल पुराना है इस फ्रेंच डिश का इतिहास

किसी डिश की किस्मत भी अजीब होती है। कोई खाना सदियों की पाक परंपरा का हिस्सा हो और अचानक किसी मशहूर शख्स की एक टिप्पणी की वजह से चर्चा में आ जाए। इन दिनों कुछ ऐसा ही चिकन शैस्यूर के साथ हुआ है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी की किताब बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव के लॉन्च के मौके पर कैंब्रिज के एक पुराने रेस्टोरेंट की यादें शेयर की। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर प्यार में पड़ना है तो लंदन के वर्सिटी रेस्टोरेंट जाइए, लेकिन वहां चिकन शैस्यूर(Chicken Chasseur) मत खाइए।

इस एक कमेंट ने फ्रेंच खाने की इस पुरानी डिश को फिर चर्चा में ला दिया। दिलचस्प बात यह है कि जिस डिश को राहुल गांधी ने वाहियात बताया, उसका इतिहास काफी पुराना है। चिकन शैस्यूर को फ्रेंच में पुले आ ला शैस्यूर कहा जाता है। फ्रेंच शब्द शैस्यूर का अर्थ होता है- शिकारी। इसी वजह से इसे अंग्रेजी में हंटर-स्टाइल चिकन भी कहा जाता है।

कैसे बनता है चिकन शैस्यूर

तो आखिर इसमें ऐसा क्या होता है? किसी भी क्लासिक चिकन शैस्यूर में चिकन के साथ मशरूम, टमाटर, शैलट, लहसुन, व्हाइट वाइन, चिकन स्टॉक और थाइम-पार्सले जैसी हर्ब्स इस्तेमाल की जाती हैं। इसे बनाने का तरीका भी दिलचस्प है। पहले चिकन को अच्छी तरह मध्यम आंच पर भुना जाता है, ताकि बाहर से सुनहरा रंग आ जाए। फिर उसी पैन में मशरूम, लहसुन और शैलट पकाए जाते हैं। इसके बाद वाइन, टमाटर और चिकन स्टॉक डाला जाता है। आखिर में चिकन को वापस पैन में डालकर धीमी आंच पर पकाया जाता है, ताकि वह सॉस का स्वाद अच्छी तरह सोख ले।

इस डिश की असली जान उसका सॉस माना जाता है। अच्छे चिकन शैस्यूर का स्वाद मिट्टी जैसा और भरपूर होना चाहिए, जिसमें टमाटर और वाइन की हल्की खटास भी महसूस हो। सॉस बहुत गाढ़ा नहीं होना चाहिए और मशरूम में हल्का बाइट रहना चाहिए। यानी यह ऐसी डिश नहीं है जिसमें किसी एक चीज का स्वाद बाकी सब पर भारी पड़ जाए।

कितनी पुरानी है ये डिश

अब कहानी को थोड़ा पीछे ले चलते हैं। इस डिश का इतिहास राहुल गांधी के कैंब्रिज वाले किस्से से कहीं ज्यादा पुराना है। वैसे तो चिकन शैस्यूर की कोई एक निश्चित खोज या आविष्कारक दर्ज नहीं है, लेकिन फ्रेंच कुकिंग की किताबों में इसका उल्लेख 19वीं सदी से मिलता है। 1869 में प्रकाशित बैरन ब्रिस की किताब लेस 366 मेन्यूज दु बैरन ब्रिस में पुले आ ला शैस्यूर नाम की एक डिश का जिक्र मिलता है। हालांकि उस दौर की रेसिपी आज के चिकन शैस्यूर से काफी अलग थी।

इसके बाद 1903 में मशहूर फ्रेंच शेफ ऑगस्त एस्कोफियर की किताब ले गाइड कुलिनेर में भी पुले सॉते शैस्यूर की रेसिपी मिलती है। इसमें मशरूम, शैलट, व्हाइट वाइन, कॉन्यैक और टमाटर वाले सॉस का इस्तेमाल किया गया था। यानी समय के साथ रेसिपी बदलती रही, लेकिन चिकन और स्वाद से भरपूर सॉस इसका मूल हिस्सा बने रहे।

नॉर्मल चिकन करी से कितनी है अलग

भारतीय खाने से इसकी तुलना करें तो शेफ इसे घर के बने चिकन करी के करीब रखते हैं। स्वाद बिल्कुल अलग है, लेकिन तरीका कुछ हद तक मिलता-जुलता है। दोनों में सामग्री को अलग-अलग चरणों में पकाकर ग्रेवी का स्वाद तैयार किया जाता है और फिर चिकन को उसी में धीमी आंच पर पकाया जाता है। फर्क इतना है कि भारतीय करी की गहराई मसालों, प्याज और टमाटर से आती है, जबकि चिकन शैस्यूर में मशरूम, वाइन, स्टॉक और हर्ब्स अपना स्वाद देते हैं।

आमतौर पर चिकन शैस्यूर को मैश्ड पोटैटो, बटर वाले चावल, रोस्टेड सब्जियों या क्रस्टी ब्रेड के साथ परोसा जाता है। तो राहुल गांधी को यह डिश भले ही पसंद न आई हो, लेकिन उसके पीछे छिपी करीब डेढ़ सौ साल पुरानी फ्रेंच पाक परंपरा इसे कम दिलचस्प नहीं बनाती।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article