बिजनेस

5 साल की नौकरी पूरी नहीं हुई तो भी मिल सकती है Gratuity? जानें हाईकोर्ट का फैसला

क्या किसी कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी को 5 साल की सर्विस पूरी करने पर ही ग्रेच्युटी मिल सकती है? क्या हो अगर कंपनी छोड़ते हुए पांचवे वर्ष कर्मचारी की सेवा के 365 दिन पूरे न हों?

Image

5 साल की नौकरी पूरी नहीं हुई तो भी मिल सकती है ग्रेच्युटी? (AI Generated Image)

किसी भी कर्मचारी को अपनी कंपनी से ग्रेच्युटी पाने के लिए जरूरी है कि वह कंपनी में अपनी 5 साल की सर्विस पूरी करे। लेकिन 5 वर्ष में कुछ दिन कम रह जाएं तो क्या कंपनी कर्मचारी को ग्रेच्युटी (Gratuity) देने से इंकार कर सकती है? कर्नाटक हाई कोर्ट (Karnataka High Court )के एक फैसले से स्थिति साफ हो गई है कि अगर कर्मचारी अपनी 5 साल की सर्विस के कुछ दिन पूरे नहीं कर पाता तब भी वह कुछ स्थितियों में ग्रेच्युटी पाने का अधिकार रखता है।

क्या था मामला

ग्रेच्युटी से जुड़ा यह मामला बेंगलुरु मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (BMRCL) में असिस्टेंट इंजीनियर के पद पर काम कर चुके एक पूर्व कर्मचारी से जुड़ा है। कर्मचारी की नियुक्ति 6 जुलाई 2017 को हुई थी। उन्होंने 19 मार्च 2022 को इस्तीफा दिया और 18 अप्रैल 2022 को उन्हें नौकरी से मुक्त कर दिया गया। इस तरह उनका कुल सेवाकाल 4 साल, 9 महीने और 12 दिन रहा।

नौकरी छोड़ने के बाद कर्मचारी ने अपनी आखिरी मंथली सैलरी 64,210 रुपये के आधार पर करीब 1.85 लाख रुपये ग्रेच्युटी की मांग की। हालांकि, कंपनी ने यह कहते हुए भुगतान से इनकार कर दिया कि उन्होंने नौकरी के 5 साल पूरे नहीं किए हैं। इसके बाद कर्मचारी ने कानूनी रास्ता अपनाया और मामला कर्नाटक हाईकोर्ट पहुंचा।

हाईकोर्ट ने क्या कहा

कर्नाटक हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि ग्रेच्युटी की पात्रता तय करने के लिए केवल नौकरी में बिताए गए कुल कैलेंडर वर्षों को देखना काफी नहीं है। इसके लिए पेमेंट ऑफ ग्रेच्युटी एक्ट, 1972 की संबंधित धाराओं को एक साथ समझना जरूरी है। कोर्ट ने खासतौर पर एक्ट की धारा 2A का जिक्र किया। इसके तहत कुछ परिस्थितियों में कर्मचारी को लगातार सेवा पूरी करने वाला माना जा सकता है, अगर उसने आखिरी 12 महीनों की अवधि में कम से कम 240 दिन काम किया हो। इसी आधार पर कर्मचारी के पांचवें साल में किए गए काम के दिनों को महत्वपूर्ण माना गया।

26 सितंबर 2026 को हाईकोर्ट ने कर्मचारी की अपील स्वीकार करते हुए बेंगलुरु मेट्रो को 1.75 लाख रुपये ग्रेच्युटी देने का आदेश दिया। साथ ही 18 मई 2022 से 10 फीसदी सालाना ब्याज भी देने को कहा।

कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण फैसला

यह फैसला उन कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण है, जिनका सेवाकाल 5 साल से थोड़ा कम रह गया है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि हर कर्मचारी को 5 साल से पहले ग्रेच्युटी मिल जाएगी। पात्रता का फैसला नौकरी की अवधि, वास्तविक कार्यदिवस और कानून में निर्धारित शर्तों के आधार पर होगा। इसलिए नौकरी छोड़ने से पहले अपने सर्विस रिकॉर्ड, अटेंडेंस और ग्रेच्युटी से जुड़े डॉक्यूमेंट्स जरूर संभालकर रखें।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article