लाइफस्टाइल

आम के अचार में कौन-कौन से मसाले पड़ते हैं, 1 किलो आम के अचार में कितना नमक डाला जाता है?

Mango Pickle Spices (आम के अचार में कौन से मसाले पड़ते हैं): अचार बनाने से पहले आम, मसाले और बर्तन पूरी तरह सूखे होने चाहिए। अचार हमेशा साफ और सूखे चम्मच से निकालें।

Image

इन मसालों से बनता है आम का अचार

Mango Pickle Spices: गर्मियों का मौसम अपने साथ आम के अचार की खुशबू भी लेकर आता है। इस मौसम में खूब आम के अचार बनाए और सालभर खाए जाते हैं। भारतीय रसोई में आम का अचार बहुत आम है। हर घर में अचार बनाने का तरीका थोड़ा अलग होता है, लेकिन कुछ मसाले ऐसे हैं जो लगभग हर तरह के आम के अचार में इस्तेमाल किए जाते हैं। यही मसाले अचार का स्वाद बढ़ाने के साथ उसे लंबे समय तक सुरक्षित रखने में भी मदद करते हैं।

आम के अचार में कौन-कौन से मसाले डाले जाते हैं

आम के अचार में सबसे जरूरी मसाला होता है सरसों। पीली या काली सरसों का दरदरा पाउडर अचार को तीखा और खास स्वाद देता है। इसके अलावा मेथी दाना भी डाला जाता है, जो हल्की कड़वाहट के साथ अचार का स्वाद संतुलित करता है। सौंफ अचार में खुशबू और हल्की मिठास लाती है, जबकि कलौंजी उसका स्वाद और भी चटपटा बना देती है।

आम के अचार का अहम मसाला हींग भी है। हींग पाचन में मदद करती है और स्वाद बढ़ाती है। लाल मिर्च पाउडर तीखापन देता है और नमक अचार को लंबे समय तक खराब होने से बचाने में बड़ी भूमिका निभाता है। कई लोग स्वाद के लिए अजवाइन या साबुत लाल मिर्च भी डालते हैं।

क्या आम के अचार में हल्दी पाउडर का इस्तेमाल किया जाता है?

हां, आम के अचार में हल्दी पाउडर का इस्तेमाल लगभग हर रेसिपी में किया जाता है। हल्दी अचार को सुंदर पीला रंग देने के साथ-साथ एंटीबैक्टीरियल गुण भी देती है, जिससे अचार लंबे समय तक सुरक्षित रहता है। यह स्वाद को भी बेहतर बनाती है। आमतौर पर 1 किलो कच्चे आम में 2 से 3 चम्मच हल्दी पाउडर डाला जाता है। अधिक हल्दी डालने से अचार का स्वाद थोड़ा कड़वा हो सकता है।

आम के अचार के लिए कौन सा तेल सबसे अच्छा है?

आम के अचार के लिए सरसों का तेल सबसे अच्छा माना जाता है। इसका तीखा स्वाद और खुशबू अचार को पारंपरिक स्वाद देती है। सरसों का तेल प्राकृतिक प्रिजर्वेटिव की तरह भी काम करता है, जिससे अचार लंबे समय तक खराब नहीं होता। कई लोग तेल को पहले गर्म करके ठंडा कर लेते हैं और फिर अचार में डालते हैं। इससे तेल की कच्ची गंध कम हो जाती है और अचार ज्यादा स्वादिष्ट बनता है।

आम का अचार बनाने की रेसिपी

आम का अचार बनाने की रेसिपी

1 किलो आम के अचार में कितना नमक डाला जाता है?

आमतौर पर 1 किलो कच्चे आम के अचार में 100 से 120 ग्राम नमक डाला जाता है। नमक सिर्फ स्वाद के लिए नहीं, बल्कि अचार को सुरक्षित रखने के लिए भी जरूरी होता है। अगर नमक कम हो जाए तो अचार जल्दी खराब हो सकता है। हालांकि नमक की मात्रा स्वाद और मौसम के अनुसार थोड़ी बदल सकती है। लंबे समय तक अचार सुरक्षित रखने के लिए सही मात्रा में नमक डालना बेहद जरूरी माना जाता है।

अचार को लंबे समय तक खान लायक कैसे रखें

अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए सबसे जरूरी है कि उसमें नमी बिल्कुल न जाए। अचार बनाने से पहले आम, मसाले और बर्तन पूरी तरह सूखे होने चाहिए। अचार हमेशा साफ और सूखे चम्मच से निकालें। कांच या चीनी मिट्टी के जार में अचार रखना बेहतर माना जाता है। सरसों का तेल इतना डालें कि अचार पूरी तरह तेल में डूबा रहे। समय-समय पर धूप दिखाने से भी अचार लंबे समय तक स्वादिष्ट और खाने लायक बना रहता है।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article