Sattu Barfi Recipe for Summer (सत्तू बर्फी की रेसिपी): गर्मियों का मौसम आते ही उत्तर भारत, खासतौर पर बिहार और उत्तर प्रदेश में 'सत्तू' का प्रयोग बढ़ जाता है। सत्तू को 'गरीबों का प्रोटीन' कहा जाता है, लेकिन इसके औषधीय गुण इसे किसी भी सुपरफूड से बेहतर बनाते हैं। सत्तू का शरबत और लिट्टी तो आपने खूब खाई होगी, लेकिन क्या आपने कभी सत्तू की बर्फी ट्राई की है? यह न केवल स्वाद में लाजवाब होती है, बल्कि गर्मी और लू से बचाने का एक स्वादिष्ट नुस्खा भी है।
कैसे बनती है सत्तू की बर्फी
सत्तू की बर्फी बनाना बेहद आसान है। चूंकि सत्तू पहले से ही भुने हुए चने से बना होता है, तो इसके लिए आपको बहुत ज्यादा कुकिंग की जरूरत नहीं होती ।
सामग्री:
- सत्तू (भुने चने का आटा): 2 कप
- देसी घी: ½ कप
- बूरा या पिसी चीनी: 1 कप
- इलायची पाउडर: 1 छोटा चम्मच
- बारीक कटे हुए ड्राई फ्रूट्स (बादाम, पिस्ता): सजावट के लिए
सत्तू की बर्फी बनाने की विधि (Sattu Barfi Recipe)
1. सबसे पहले एक कड़ाही में घी गर्म करें और उसमें सत्तू डालें।
2. धीमी आंच पर सत्तू को 4-5 मिनट तक भूनें ताकि घी की खुशबू इसमें अच्छी तरह समा जाए। (ध्यान रहे सत्तू पहले से भुना होता है, इसलिए इसे ज्यादा न जलाएं)।
3. अब गैस बंद कर दें और मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें।
4. जब मिश्रण हल्का गुनगुना रह जाए, तब इसमें पिसी चीनी और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
5. एक थाली में थोड़ा सा घी लगाकर चिकना करें और इस मिश्रण को उसमें फैला दें।
6. ऊपर से ड्राई फ्रूट्स डालें और हल्का दबा दें। 1-2 घंटे सेट होने के बाद इसे बर्फी के आकार में काट लें।
गर्मी और लू से बचाव में कैसे मददगार है सत्तू
सत्तू की तासीर ठंडी होती है, जो इसे गर्मियों का सुरक्षा कवच बनाती है। यह कई तरह से शरीर को फायदे पहुंचाता है। गर्मियों में लू से भी बचाने के लिए रामबाण की तरह इस्तेमाल होता है सत्तू। इन गुणों के कारण सत्तू की बर्फी गर्मियों में फायदा पहुंचाती है:
नेचुरल कूलेंट: सत्तू शरीर के तापमान को कंट्रोल में रखने में मदद करता है। गर्मी के दिनों में जब शरीर का तापमान बढ़ने लगता है, तो सत्तू का सेवन शरीर को अंदर से ठंडा करता है, जिससे लू लगने का खतरा कम हो जाता है।
एनर्जी का पावरहाउस: लू लगने पर शरीर में कमजोरी और डिहाइड्रेशन हो जाता है। सत्तू में मौजूद कार्बोहाइड्रेट और प्रोटीन तुरंत ऊर्जा देते हैं और शरीर में नमक व पानी के संतुलन को बनाए रखते हैं।
पाचन में सुधार: गर्मियों में पाचन क्रिया अकसर धीमी हो जाती है। सत्तू में उच्च मात्रा में फाइबर होता है, जो पेट को साफ रखता है और कब्ज या एसिडिटी जैसी समस्याओं को दूर करता है।
डायबिटीज और वेट लॉस में सहायक: इसका लो-ग्लाइसेमिक इंडेक्स शुगर के मरीजों के लिए अच्छा है और यह लंबे समय तक पेट भरा रखता है, जिससे आप फालतू की कैलोरी खाने से बच जाते हैं।
कुल मिलाकर सत्तू की बर्फी एक ऐसा हेल्दी डेजर्ट है जिसे आप स्टोर करके रख सकते हैं। यह बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी के लिए गर्मियों का सबसे शानदार और सेहतमंद उपहार है।
