लाइफस्टाइल

टॉक्सिक लोग बना सकते हैं आपको जल्दी बूढ़ा, सेहत पर पड़ता है गहरा असर

Toxic Relationships: आप जिन लोगों के साथ रहते हैं, वे आपके जीवन को प्रभावित कर सकते हैं। अगर आपके आसपास तनाव देने वाले और नकारात्मक लोग ज्याादा हैं तो इससे आपकी उम्र भी तेजी से बढ़ सकती है। लगातार तनाव पैदा करने वाले लोग चुपचाप आपकी जैविक उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को तेज कर देते हैं। ऐसे में अच्छी संगत ना सिर्फ मन को हल्का करती है, बल्कि सेहत और उम्र दोनों के लिए फायदेमंद भी होती है।

Image

टॉक्सिक रिश्तों से बढ़ सकता है तनाव (फोटो: CANVA)

Psychological Stress Effects: हाल ही में हुई स्टडी ने एक दिलचस्प लेकिन थोड़ी चिंताजनक बात सामने रखी है। स्टडी के मुताबिक अगर आपके आसपास ऐसे लोग हैं जो हमेशा तनाव देते हैं, नकारात्मक बातें करते हैं या हर समय परेशानी का माहौल बनाए रखते हैं तो इसका असर आपकी जैविक उम्र पर पड़ता है। अगर आप लगातार ऐसे माहौल में रहते हैं तो इससे आपकी जैविक उम्र तेजी से बढ़ सकती है। यानी आप उम्र से पहले ही बूढ़े लगने लगते हैं।

वैज्ञानिकों ने इस रिसर्च के माध्यम से यह समझने की कोशिश की कि लोगों के रिश्तों का उनके शरीर और दिमाग पर क्या असर पड़ता है। करीब 2600 से ज्यादा वयस्क लोगों के सोशल नेटवर्क और उनके जैविक नमूनों का अध्ययन किया गया जिसके बाद इस नतीजे पर पहुंचा गया कि टॉक्सिक लोगों का संपर्क आपको जल्दी बूढ़ा बना सकता है।

स्टडी में उन लोगों को हैसलर (Hassler) कहा गया जो दूसरों के जीवन में लगातार तनाव, दबाव या भावनात्मक परेशानी पैदा करते हैं। हैरानी की बात यह रही कि लगभग 30% लोगों ने माना कि उनके जीवन में कम से कम एक ऐसा व्यक्ति जरूर है जो हमेशा तनाव का कारण बनता है।

वैज्ञानिकों ने लोगों की लार के नमूने और डीएनए मेथिलेशन पैटर्न की जांच की, जिसे वैज्ञानिक भाषा में एपिजेनेटिक क्लॉक कहा जाता है। इससे यह पता लगाया जाता है कि शरीर की असली उम्र कितनी तेजी से बढ़ रही है।

टॉक्सिक लोग बना सकते हैं आपको जल्दी बूढ़ा

टॉक्सिक लोग बना सकते हैं आपको जल्दी बूढ़ा (फोटो: CANVA)

स्टडी के नतीजे बताते हैं कि हर एक अतिरिक्त तनावपूर्ण रिश्ता आपकी जैविक उम्र को लगभग 1.5% तक बढ़ा सकता है। औसतन देखा जाए तो ऐसे लोगों के संपर्क में रहने वाले लोग अपने हमउम्र लोगों से करीब 9 महीने ज्यादा जैविक रूप से बूढ़े पाए गए।

दिल्ली के AIIMS के मनोचिकित्सा विभाग के प्रोफेसर डॉ. राजेश सागर के अनुसार जब कोई रिश्ता हमें लगातार तनाव देता है, तो हमारा दिमाग बार-बार फाइट या फ्लाइट मोड में चला जाता है। यानी शरीर हमेशा सतर्क रहता है, जैसे कोई खतरा सामने हो। अगर यह स्थिति लंबे समय तक बनी रहे तो शरीर पर इसका गहरा असर पड़ता है और उम्र बढ़ने की प्रक्रिया तेज हो सकती है।

हमें अपने रिश्तों के बारे में थोड़ा सतर्क रहना चाहिए। जो लोग लगातार नकारात्मकता फैलाते हैं या मानसिक तनाव बढ़ाते हैं, उनसे दूरी बनाना कई बार जरूरी हो जाता है। सिर्फ उम्र बढ़ना ही नहीं, बल्कि ऐसे तनावपूर्ण रिश्तों की वजह से लोगों में चिंता, डिप्रेशन और शारीरिक समस्याएं भी बढ़ती हैं।

कई लोगों ने सिरदर्द, पाचन से जुड़ी परेशानियां, नींद ना आना, हर समय थकान महसूस होना और ध्यान ना लग पाने जैसी समस्याओं की शिकायत भी की। सरल शब्दों में समझें तो टॉक्सिक लोगों का संपर्क सिर्फ आपका मूड ही खराब नहीं करता, बल्कि आपकी सेहत पर भी असर डालता है। इसलिए जीवन में ऐसे लोगों को पहचानना और अपनी मानसिक शांति को प्राथमिकता देना बेहद जरूरी है।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article