लाइफस्टाइल

Thought of the day: आप कब सही थे लोग याद नहीं रखते, लेकिन आप कब गलत थे ये सब याद रखते हैं

Thought of the Day (आज का सुविचार): जीवन में हम कई अच्छे काम करते हैं, लेकिन लोग उन बातों को जल्दी भूल जाते हैं। वहीं अगर एक छोटी सी गलती भी हो जाए, तो वही याद रखी जाती है।

Image

आज का सुविचार

Thought of the Day (आज का सुविचार): इंसान के जीवन में रिश्तों का वहीं मोल है जो किसी मछली के लिए पानी का होता है। बचपन से लेकर अपने अंतिम समय तक हम कई तरह के रिश्तों को जीते हैं। कई बार हमें एहसास भी नहीं होता लेकिन हमारे सबसे खास रिश्ते ही दरकने लगते है। हमें इस बात का पता तब चलता है जब बहुत देर हो चुकी रहती है। दरअसल हमें पता ही नहीं चलता कि किसी के साथ हमारे रिश्ते की नींव हिल कैसे गई। आज का सुविचार (Aaj Ka Suvichar) इसी भाव को समझाने की कोशिश करता है। पढ़ें आज का सुविचार:

"आप कब सही थे लोग याद नहीं रखते, लेकिन आप कब गलत थे ये सब याद रखते हैं”

आज का यह सुविचार इंसानी स्वभाव की एक अटल सच्चाई को दिखाता है। जीवन में हम कई अच्छे काम करते हैं, लोगों का साथ देते हैं, रिश्तों को निभाते हैं और सही फैसले लेते हैं, लेकिन लोग उन बातों को जल्दी भूल जाते हैं। वहीं अगर एक छोटी सी गलती भी हो जाए, तो वही सबसे ज्यादा याद रखी जाती है।

असल में इंसान का मन नकारात्मक घटनाओं को ज्यादा देर तक याद रखता है। मनोविज्ञान में इसे “नेगेटिविटी बायस” कहा जाता है। यानी हमारा दिमाग अच्छी बातों की तुलना में बुरी बातों को ज्यादा गहराई से पकड़ लेता है। इसलिए किसी व्यक्ति की सौ अच्छाइयों पर उसकी एक गलती भारी पड़ जाती है।

यह बात रिश्तों में भी साफ दिखाई देती है। कई बार कोई इंसान वर्षों तक साथ निभाता है, मदद करता है, लेकिन एक बार अगर उससे गलती हो जाए, तो लोग उसी गलती को उसकी पहचान बना देते हैं। समाज अकसर इंसान की गलतियों को जल्दी जज करता है, जबकि उसकी अच्छाइयों को सामान्य मान लेता है।

लेकिन इस विचार का मतलब यह नहीं कि हमें लोगों के डर से जीना चाहिए। इसका असली संदेश यह है कि इंसान को अपने कर्मों के प्रति ईमानदार रहना चाहिए, क्योंकि दुनिया की याददाश्त हमेशा संतुलित नहीं होती। हर किसी को खुश करना संभव नहीं है।

साथ ही यह विचार हमें दूसरों के प्रति भी संवेदनशील बनाता है। अगर कोई व्यक्ति एक गलती कर दे, तो हमें उसकी पूरी जिंदगी को उसी एक पल से नहीं आंकना चाहिए। हर इंसान में अच्छाई और कमजोरी दोनों होती हैं।

असल में महान वही लोग होते हैं जो आलोचनाओं और गलतफहमियों के बावजूद सही रास्ते पर चलते रहते हैं। क्योंकि अंत में इंसान की असली पहचान उसकी एक गलती नहीं, बल्कि उसका पूरा व्यक्तित्व और उसके लगातार किए गए कर्म होते हैं।

Suneet Singh
सुनीत सिंह author

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे ... और देखें

End of Article