Healthy Lifestyle Habits: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी लगातार तनाव और दूसरी जिम्मेदारियों के बीच खुद के लिए समय निकालना बेहद मुश्किल होता है। दिन खत्म होने के बाद लगता है कि पूरा दिन यूं ही निकल गया। लेकिन, अगर रोज सिर्फ 30 मिनट अपने लिए निकाले जाएं, तो धीरे-धीरे दिनचर्या, सोच और लाइफस्टाइल में अच्छा बदलाव महसूस किया जा सकता है। लाइफस्टाइल बदलने के लिए हमेशा बड़े फैसलों की जरूरत नहीं होती। कई बार रोज की छोटी आदतें ही सबसे ज्यादा असर डालती हैं।
सुबह के 30 मिनट पूरे दिन का मूड बदल सकते हैं
शुरुआत छोटे-छोटे बदलाव से कर सकते हैं। सुबह उठकर 30 मिनट बिना मोबाइल देखकर बिताना दिन की एक अच्छी शुरुआत में मदद कर सकता है। मोबाइल स्क्रीन पर टाइम वेस्ट करने की जगह हल्की स्ट्रेचिंग, थोड़ी वॉक, प्राणायाम या शांत बैठकर दिन के कामों की योजना बनाई जा सकती है। सुबह का यह समय दिमाग को बिना किसी जल्दबाजी के दिन के लिए तैयार करने में मदद करता है।
एक्सरसाइज को बनाएं अपनी आदत
कल से जिम जाना शुरू करूंगा इस लूप से आपको बाहर आना होगा। जिम जाऊंगा इसका प्लान करने की जगह 30 मिनट की वॉक, हल्की एक्सरसाइज, योग या स्ट्रेंथ ट्रेनिंग के लिए घर पर भी आप कुछ समय निकाल सकते हैं। जिम जाने के लिए टाइम नहीं मिल रहा है, तो इसका मतलब यह नहीं कि शरीर को एक्टिव नहीं रखा जा सकता। ज्यादा कुछ नहीं करना है बस आधा घंटा लगातार निकालने की आदत बनानी है।
अपनी पसंद का कोई काम करें
कोई शौक जिन्हें करने में मजा आता था उन्हें फिर से शुरू किया जा सकता है। पेंटिंग, लिखना, गार्डनिंग, फोटोग्राफी, खाना बनाना या कोई नई चीज सीखना भी आप लाइफस्टाइल में एड कर सकते हैं। ज्यादा भारी या तनाव वाला काम न चुनें ऐसा काम करना है जिसे करने के बाद मन हल्का और अच्छा महसूस हो।
मोबाइल से दूरी बनाकर खुद से जुड़ें
अपने 30 मिनट को थोड़ा अलग रखें क्योंकि कई बार हमें लगता है कि हम आराम कर रहे हैं, जबकि उस दौरान लगातार सोशल मीडिया स्क्रॉल कर रहे होते हैं। इस दौरान फोन को साइलेंट रखा जा सकता है। किताब पढ़ सकते हैं, संगीत सुन सकते हैं, बालकनी में बैठ सकते हैं या बस चुपचाप चाय-कॉफी का आनंद ले सकते हैं। हर खाली मिनट को स्क्रीन से भरना जरूरी नहीं है।
छोटे बदलाव धीरे-धीरे बड़ी आदत बनते हैं
अगर दिन के 24 घंटों में सिर्फ आधा घंटा खुद के नाम कर दिए जाएं, तो आप अपनी सेहत, पसंद और मानसिक सुकून के लिए नियमित रूप से समय निकाल सकते हैं। शुरुआत आज से ही की जा सकती है। घड़ी में 30 मिनट का समय तय करें और उसे अपनी रोज की जिंदगी का हिस्सा बना लें।
