लाइफस्टाइल

Shayari of the Day: बाकी अभी है कर्ब का इक और मरहला, महसूस जो किया है उसे सोचना भी है

Shayari of the Day in Hindi: यह शेर जीवन की गहराई और आत्ममंथन की आवश्यकता को बेहद खूबसूरती से व्यक्त करता है। शायर कहना चाहता है कि इंसान के भीतर जो भावनाएं, दर्द या अनुभव उठते हैं, उन्हें सिर्फ महसूस कर लेना ही काफी नहीं होता।

Image

आज की शायरी

Shayari of the Day in Hindi: शेर-ओ-शायरी की दुनिया में एक ऐसा जादू है कि वह कुछ शब्दों में ही पूरी जिंदगी समेट लेता है। यह दिल की गहराइयों को छूती है। इश्क की तड़प हो या फिर जीवन की सच्चाई, दर्द, खुशी, विरोध या सूफियाना एहसास..सबको कुछ लफ्जों में ही उकेर देती है। मुशायरों में एक शेर सुनकर महफिल तालियों से गूंज उठती है, क्योंकि वह सीधे रूह को छू जाता है।

उर्दू के महान शायर जैसे गालिब, मीर, फैज, जिगर, दाग, बसंत जैसे शायरों ने शेर-ओ-शायरी को अमर बनाया। शायरी को भावनाओं का आईना, समाज का दर्पण या फिर आत्मा की आवाज कहें तो गलत ना होगा। ऐसा ही एक शेर है जिसे गढ़ा है अनवर आलम सिद्दीकी ने। यह शेर कुछ इस तरह से हैं-

"बाकी अभी है कर्ब का इक और मरहला, महसूस जो किया है उसे सोचना भी है"

यह शेर जीवन की गहराई और आत्ममंथन की आवश्यकता को बेहद खूबसूरती से व्यक्त करता है। शायर कहना चाहता है कि इंसान के भीतर जो भावनाएं, दर्द या अनुभव उठते हैं, उन्हें सिर्फ महसूस कर लेना ही काफी नहीं होता। उनके बाद एक और पड़ाव आता है- उन्हें समझना, उन पर विचार करना और उनके अर्थ को तलाशना।

शेर का पहला मिसरा है बाकी अभी है कर्ब का इक और मरहला। यह मिसरा सिखाता है कि दुख या बेचैनी का सफर केवल भावना तक सीमित नहीं है। ‘कर्ब’ यानी मानसिक पीड़ा या अंदरूनी बेचैनी का एक और चरण अभी बाकी है। यह वह चरण है जब इंसान अपने भीतर उठी भावनाओं को समझने की कोशिश करता है।

वहीं दूसरा मिसरा - महसूस जो किया है उसे सोचना भी है, इस बात पर जोर देता है कि भावनाओं को सिर्फ जी लेना पर्याप्त नहीं है। हमें यह भी सोचना चाहिए कि हमने जो महसूस किया, उसका कारण क्या है, उसका अर्थ क्या है और उससे हमें क्या सीख मिल सकती है। यही सोच इंसान को परिपक्व बनाती है।

दरअसल यह शेर आत्मचिंतन की ओर इशारा करता है। कई बार जीवन में हम अचानक दुख, खुशी या किसी गहरे एहसास से गुजरते हैं, लेकिन अगर हम उन अनुभवों पर ठहरकर विचार नहीं करते, तो उनका असली अर्थ समझ नहीं पाते। सोचने की यही प्रक्रिया हमें अपने आप को बेहतर समझने में मदद करती है।

इस तरह यह शेर बताता है कि भावनाओं का सफर सिर्फ महसूस करने तक सीमित नहीं है। असली समझ तब आती है, जब इंसान अपने अनुभवों पर ठहरकर सोचता है और उनसे जीवन की गहराई को समझने की कोशिश करता है।

Suneet Singh
Suneet Singh author

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे ... और देखें

End of Article