शहर

मानसून की मार से दिल्ली-NCR बेहाल, कहीं जलभराव तो कहीं गाड़ियों पर गिरी दीवार; रविवार को भी पड़ेंगी बौछारें

दिल्ली-एनसीआर में मानसून की बारिश का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा, कई इलाकों में तेज बारिश से जलभराव और ट्रैफिक की परेशानी बढ़ गई। गुरुग्राम में सोहना रोड समेत कई जगहों पर पानी भरने से जनजीवन प्रभावित हुआ, जबकि दिल्ली के देवली इलाके में पार्किंग की दीवार गिरने से आठ वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

Image

दिल्ली-एनसीआर में रिकॉर्डतोड़ बारिश

Photo : ANI

Delhi NCR Rain: दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को शुरू हुई बारिश का दौर शनिवार को भी जारी रहा। कुछ पलों के लिए सूरज देवता ने दस्तक दी लेकिन देखते ही देखते काले बादलों ने आसमान को घेर लिया जिसके बाद झमाझम बरसात शुरू हो गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सावधानी बरतने के लिए कहा था। बता दें कि मानसून के इस रुख के बाद नोएडा से लेकर गाजियाबाद और गुरुग्राम तक जलभराव और ट्रैफिक जाम देखा गया।

दिल्ली से नोएडा तक भारी बारिश

इस दौरान दिल्ली-एनसीआर में हुई बारिश के कई वीडियो सामने आए। नई दिल्ली के रायसीना हिल्स इलाके में भारी बारिश हुई। इसके अलावा आईटीओ पर भीषण ट्रैफिक जाम लगने से लोगों को अपने गंतव्यों तक पहुचें के लिए जद्दोजहद करनी पड़ी। वहीं नोएडा से भी एक वीडियो सामने आया, जहां लोग तेज बारिश के बीच सफर करते दिखे। इसके साथ ही नोएडा फिल्म सिटी में भीषण जलभराव की तस्वीर सामने आई। ऐसे में पैदल यात्रियों के सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खबर यह भी है कि भारी बारिश और ऊपर से पानी छोड़े जाने के बाद कालिंदी कुंज ओखला बैराज पर यमुना का पानी का लेवल लगभग 202 मीटर तक पहुंच गया।

मिलेनियम सिटी में जलभराव से हाल बेहाल

IMD के आकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में अगस्त के पहले सप्ताह में 2011 के बाद सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है। महीने के पहले सात दिनों में राष्ट्रीय राजधानी में 127 मिमी बारिश हुई। शुक्रवार तक लगातार बारिश के कारण शहर में अगस्त के पहले सप्ताह में 15 सालों की सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। शहर के कई मौसम केंद्रों पर एक दिन में 100 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। इस दौरान सबसे बुरा हाल तो गुरुग्राम का रहा। आज मिलेनियम सिटी में भारी बारिश के कारण सोहना रोड पर जलभराव की स्थिति बन गई जिसके कारण यातायात भी प्रभावित हुआ।

पार्किंग की दीवार ढहने से 8 गाड़ियां क्षतिग्रस्त

वहीं दिल्ली के देवली इलाके में भारी बारिश के दौरान एक निजी पार्किंग स्थल की दीवार अचानक ढह गई, जिससे वहां खड़े आठ वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार शाम करीब पांच बजे दक्षिणी दिल्ली की नई बस्ती में हुई। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि दीवार ढहने के बाद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और जहां उन्होंने कई वाहनों को मलबे के नीचे दबा हुआ पाया।

Waterlogging in Noida Flim City

नोएडा फिल्म सिटी में जलभराव

दीवारों और मकानों के गिरने की कई शिकायतें

स्थानीय निवासियों के अनुसार, इलाके में सीवर पाइपलाइन का काम चल रहा था। उनका कहना है कि भारी बारिश के बीच चल रहे इस काम के कारण ढांचे के आसपास की जमीन कमजोर हो गई होगी। हालांकि, ढांचा गिरने की सही वजह अभी पता नहीं चल सकी है। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश होने से कई इलाकों में जलभराव हो गया तथा राष्ट्रीय राजधानी में दीवारों और मकानों के गिरने की कई शिकायतें मिलीं। अधिकारियों ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहनों का आकलन किया जा रहा है और मौके से मलबा हटाया जा रहा है।

संडे को ऐसा रहेगा दिल्ली-एनसीआर का मौसम

दिल्ली में कल यानी रविवार को मौसम आम तौर पर बादलों से घिरा रहेगा। सुबह से दोपहर के बीच कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। वहीं शाम के समय भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। न्यूनतम तापमान ज्यादातर स्थानों पर सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस कम रहने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान अधिकांश इलाकों में सामान्य के आसपास रहने का अनुमान है। हवा की बात करें तो सुबह के समय पूर्व दिशा से करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दोपहर में हवा की गति घटकर 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है और दिशा दक्षिण-पूर्वी रहने की संभावना है। शाम और रात के दौरान हवाएं और कमजोर होकर करीब 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिण-पूर्व दिशा से चल सकती हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article