Sharad Purnima Kheer Recipe (शरद पूर्णिमा खीर रेसिपी): हिंदू पंचांग के अनुसार, हर साल आश्विन माह की पूर्णिमा तिथि को शरद पूर्णिमा का त्योहार मनाया जाता है। इस साल ये खास दिन 6 अक्टूबर को मनाया जाएगा। इस दिन खासतौर से खीर बनाई जाती है और उसे खुले आसमान के नीचे रखना होता है। ये परंपरा सालों से चली आ रही है। यहां से आप जानेंगे कि शरद पूर्णिमा के लिए खीर कैसे बनती है। यहां से आप चावल के खीर की रेसिपी देख सकते हैं।
खीर बनाने से पहलें जानें ये खास बातें-
- तैयारी का समय: 10 मिनट
- पकाने का समय: 40-50 मिनट
- सर्विंग: 4 लोग
चावल खीर बनाने की सामग्री-
- दूध – 1 लीटर (फुल क्रीम हो तो बेहतर)
- चावल – 1/4 कप (भीगे हुए 30 मिनट)
- चीनी – 1/3 कप (स्वाद अनुसार कम/ज्यादा)
- इलायची पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
- केसर – 6-7 रेशे (वैकल्पिक)
- बादाम – 6-8 (बारीक कटे हुए)
- काजू – 6-8 (कटे हुए)
- पिस्ता – 6-8 (कटे हुए)
- घी – 1 छोटा चम्मच (ड्राय फ्रूट्स भूनने के लिए)
चावल खीर बनाने की विधि-
चावल को 30 मिनट तक धोकर भिगो दें। फिर पानी छान लें। एक भारी तले वाले बर्तन में दूध उबालने रखें। जब दूध उबलने लगे, आंच धीमी कर दें। अब दूध में भीगे हुए चावल डालें और धीमी आंच पर पकाएं। बीच-बीच में हिलाते रहें ताकि दूध नीचे न लगे। चावल जब अच्छे से गल जाएं और दूध थोड़ा गाढ़ा हो जाए (लगभग 30–40 मिनट), तब चीनी डालें। अब इसमें इलायची पाउडर, केसर (यदि डाल रहे हैं), और कटे हुए ड्राय फ्रूट्स डालें। कुछ ड्राय फ्रूट्स ऊपर से सजाने के लिए बचा लें। सब कुछ अच्छे से मिलाकर 5-10 मिनट और पकाएं जब तक खीर और गाढ़ी न हो जाए। खीर को गर्म भी परोस सकते हैं और ठंडा करके भी। ऊपर से बचे हुए ड्राय फ्रूट्स डालें और परोसें।
ध्यान दें-
खीर को लगातार चलाते रहें, वरना नीचे लग सकती है। और भी खुशबूदार बनाने के लिए गुलाब जल की कुछ बूंदें या केवड़ा जल भी डाल सकते हैं। आप इसे फ्रिज में ठंडा करके भी परोस सकते हैं, स्वाद और भी बढ़ जाएगा।
