लाइफस्टाइल

मानसून में गट हेल्थ के लिए क्या खाएं? हेल्दी डाइट से पाचन रहेगा मजबूत और बीमारियां रहेंगी दूर

मानसून का मौसम अपने साथ राहत और आफत दोनों लेकर आता है। आज हम आपको बताएंगे कि आप मानसून में गट हेल्थ का ख्याल रखने के लिए क्या खा सकते हैं। इससे आपका पाचन दुरुस्त होगा और बीमारियां दूर रहेंगी।

Image

मानसून में गट हेल्थ का ख्याल कैसे रखें

Monsoon Gut Health: मानसून का मौसम जहां गर्मी से राहत देता है, वहीं यह पाचन तंत्र के लिए कई तरह की चुनौतियां भी लेकर आता है। इस दौरान नमी बढ़ने से बैक्टीरिया और फंगस तेजी से पनपते हैं, जिससे फूड पॉइजनिंग, अपच, गैस, पेट दर्द और डायरिया जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में केवल स्वाद ही नहीं, बल्कि सही और संतुलित खानपान पर ध्यान देना भी जरूरी हो जाता है। यदि आप इस मौसम में अपनी गट हेल्थ को मजबूत रखना चाहते हैं, तो कुछ आसान डाइट टिप्स आपकी काफी मदद कर सकते हैं। आइए जानते हैं इस मौसम में आपकी डाइट (Monsoon Diet Tips) में क्या बदलाव जरूरी हैं।

प्रोबायोटिक फूड्स

गट हेल्थ के लिए गुड बैक्टीरिया का बैलेंस बेहद जरूरी होता है। इसलिए इन दिनों में दही, छाछ और घर में बने प्रोबायोटिक फूड्स आंतों के लिए फायदेमंद होते हैं। ये पाचन को बेहतर बनाने के साथ इम्यूनिटी को भी मजबूत करने में मदद कर सकते हैं।

मौसमी फल और सब्जियां

मानसून में सब्जियों को पकाकर खाना ज्यादा सुरक्षित माना जाता है। इसमें लौकी, तोरी, कद्दू और गाजर जैसी सब्जियां पेट के लिए हल्की होती हैं। इसके अलावा फलों में केला, सेब, नाशपाती और पपीता जैसे फल पाचन के लिए अच्छे माने जाते हैं।

हाइड्रेशन का ख्याल रखें

मानसून के मौसम में प्यास कम लगती है, लेकिन शरीर को पानी की जरूरत होती है, इसलिए पानी भरपूर मात्रा में पिएं। इन दिनों में उबला या फिल्टर किया हुआ पानी ही पीना चाहिए। इसके अलावा अदरक, तुलसी या दालचीनी से बनी हल्की हर्बल चाय भी पाचन को बेहतर रखने में मदद कर सकती है।

फाइबर फूड्स का सेवन करें

हमारी गट हेल्थ के लिए फाइबर रिच फू्ड्स का सेवन ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। इसलिए ओट्स, दलिया, ब्राउन राइस और साबुत अनाज को अपनी डाइट में शामिल करें। फाइबर आंतों की सेहत के लिए जरूरी होता है, लेकिन जरूरत से ज्यादा फाइबर भी कुछ लोगों में समस्या पैदा सकता है।

छोटी आदतों का बड़ा फायदा

खाने के इन हेल्दी टिप्स के साथ खाने से पहले और बाद में हाथ अच्छी तरह धोना, समय पर भोजन करना, देर रात खाना न खाना और रोजाना एक्सरसाइज करना भी गट हेल्थ के लिए जरूरी है।

पेट से जुड़ी है ओवरऑल हेल्थ

मानसून में सही खानपान केवल पेट ही नहीं, बल्कि पूरे शरीर की सेहत को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसके लिए हल्का, ताजा और बैलेंस डाइट, पर्याप्त पानी, प्रोबायोटिक फूड्स और साफ-सफाई की अच्छी आदतें अपनाकर आप इस मौसम में अपनी गट हेल्थ को मजबूत रख सकते हैं।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article