लाइफस्टाइल

Matka vs surahi: मटका और सुराही में क्या अंतर है, किससे मिलता है ज्यादा ठंडा पानी, कौन सा खरीदना बेहतर

Matka vs Surahi: गर्मी आते ही मटके और सुराही का ठंडा पानी याद आने लगता है। लेकिन क्या आप दोनों में अंतर जानते हैं। जानें किससे मिलता है ज्यादा ठंडा पानी और कौन सा खरीदना है बेहतर।

Image

मटका या सुराही - इस गर्मी में क्या खरीदना है बेहतर

Matka vs Surahi: गर्मियों की दोपहर, छत से उतरती धूप और प्यास से सूखता गला- ऐसे में अगर कोई चीज सुकून देती है तो वह है मिट्टी के बर्तन का ठंडा पानी। फ्रिज का बर्फीला पानी भले ही तुरंत राहत दे, लेकिन जो स्वाद और ठंडक मटका या सुराही के पानी में होती है, वह कहीं और नहीं मिलती। ये सिर्फ बर्तन नहीं, बल्कि भारतीय जीवनशैली का हिस्सा हैं- एक ऐसा देसी विज्ञान, जो बिना बिजली के पानी को ठंडा कर देता है।

मटका: हर घर की देसी ठंडक

मटका यानी मिट्टी का घड़ा - जो भारत के हर कोने में अपनी जगह बनाए हुए है। इसका गोल आकार और मोटी दीवारें पानी को लंबे समय तक ठंडा बनाए रखती हैं। मटका सिर्फ एक स्टोरेज नहीं, बल्कि एक भरोसा है - जहां पूरे परिवार का पानी सुरक्षित और ठंडा रहता है।

मिट्टी के छोटे-छोटे छिद्रों से पानी की हल्की नमी बाहर निकलती है और हवा के संपर्क में आकर वाष्पीकरण (Evaporation) होता है। यही प्रक्रिया पानी को नेचुरली ठंडा करती है। यही वजह है कि मटके का पानी शरीर के लिए हल्का, सुकून देने वाला और हेल्दी माना जाता है।

सुराही: देसी फ्रिज का स्मार्ट अवतार

अब बात करें सुराही की तो यह मटके से थोड़ा अलग और स्टाइलिश नजर आती है। लंबी गर्दन और पतला शरीर इसे खास बनाता है। यही डिजाइन इसे 'देसी फ्रिज' जैसा असर देता है, क्योंकि इसमें पानी जल्दी ठंडा होता है।

इतिहास की बात करें तो सुराही का मूल स्थान भारत ही माना जाता है। राजस्थान के राजा-महाराजाओं के समय से इसका इस्तेमाल होता आया है। खासकर हरियाणा के झज्जर जिले की सुराही बहुत प्रसिद्ध है, जहां कुम्हार खास मिट्टी से इसे बनाते हैं। चवानी मोहल्ले की सुराहियां आज भी अपनी गुणवत्ता के लिए जानी जाती हैं। राजस्थान और मध्यप्रदेश के सोहागपुर में भी सुराही और मटके की शानदार कारीगरी देखने को मिलती है।

मटके और सुराही का पानी कैसे रखें ठंडा (AI Image)

मटके और सुराही का पानी कैसे रखें ठंडा (AI Image)

मटका vs सुराही: फर्क जो जानना जरूरी है

मटका और सुराही दोनों का काम एक ही है - पानी को ठंडा रखना। लेकिन फर्क इनके डिजाइन और उपयोग में है। मटका ज्यादा पानी स्टोर करता है और धीरे-धीरे ठंडक बनाए रखता है, जबकि सुराही कम पानी को जल्दी ठंडा कर देती है। सुराही का पानी अक्सर मटके से थोड़ा ज्यादा ठंडा महसूस होता है, क्योंकि उसकी दीवारें पतली होती हैं और वाष्पीकरण तेजी से होता है।

अगर घर में ज्यादा लोगों के लिए पानी चाहिए तो मटका बेहतर है, लेकिन अगर तुरंत ठंडा पानी पीना है, तो सुराही ज्यादा काम की है।

मटके और सुराही का समझें अंतर

मटके और सुराही का समझें अंतर

मटके या सुराही में पानी कैसे रखें ठंडा

मटका और सुराही से ठंडा पानी तो मिलता ही है, लेकिन कुछ आसान टिप्स अपनाकर आप इसकी ठंडक को और बढ़ा सकते हैं-

1. पहली बार इस्तेमाल से पहले भिगोएं

नया मटका या सुराही लाने के बाद उसे 8-10 घंटे पानी में भिगोकर रखें। इससे मिट्टी के पोर्स एक्टिव हो जाते हैं और ठंडक बेहतर मिलती है।

2. ठंडी और हवादार जगह पर रखें

इन्हें हमेशा ऐसी जगह रखें जहां हवा आती-जाती रहे। बालकनी, खिड़की के पास या छायादार जगह सबसे बेहतर होती है।

3. गीला कपड़ा लपेटें

मटके या सुराही के बाहर गीला कपड़ा लपेटने से वाष्पीकरण तेजी से होता है, जिससे पानी ज्यादा ठंडा रहता है।

4. रोज पानी बदलें

ताजा पानी भरने से ठंडक और स्वाद दोनों बेहतर रहते हैं।

5. ढक्कन जरूर रखें

ऊपर ढक्कन लगाने से धूल-मिट्टी नहीं जाती और पानी साफ रहता है, साथ ही ठंडक भी बनी रहती है।

मटके या सुराही में से ज्यादा ठंडा पानी किसका

असल में मटका और सुराही दोनों ही प्रकृति के ऐसे तोहफे हैं, जो हमें बिना किसी बिजली के ठंडक देते हैं। ये न सिर्फ हमारी सेहत के लिए अच्छे हैं, बल्कि पर्यावरण के लिए भी बेहतर विकल्प हैं। लेकिन ज्यादा ठंडा पानी किस बर्तन से मिलेगा के लिए कोई एक विकल्प चुनना हे तो इसके जवाब में सुराही थोड़ा आगे निकल जाती है। लेकिन फिर भी फर्क बहुत ज्यादा नहीं होता।

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article