लाइफस्टाइल

LPG सिलेंडर में मारामारी की आहट से न हों परेशान, जानें वो बातें जो नहीं होने देंगी गैस की ज्यादा दिक्कत, रसोई में काम चलेगा चकाचक

LPG cylinder price hike: अमेरिका और ईरान के युद्ध के चलते गैस की दिक्कत की आहट भारत में भी महसूस हो रही है। ऐसे में गैस की दिक्कत न हो तो कुछ आदतों को बदलकर अपनी गैस की खपत को काफी कम किया जा सकता है। इससे सिलेंडर की आपको ज्यादा परेशानी नहीं होगी। और अगली बुकिंग तक रसोई में आराम से खाना बना सकेंगे।

Image

गैस कैसे बचाएं, जानें टिप्स

LPG Cylinder Price Hike: अमेरिका और ईरान के युद्ध की वजह से कई जगहों पर गैस की दिक्कत हो रही है। बेंगलुरु-मुंबई में कई जगहों पर होटल बंद हो रहे हैं क्योंकि खाना बनाने के लिए गैस उपलब्ध नहीं हो रही है। यही कारण है कि घरेलू इस्तेमाल वाले LPG सिलेंडर के रिफिल का समय 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। जाहिर है, ऐसी खबरों हर घर को परेशान कर रही हैं। हालांकि अच्छी बात यह है कि अगर हम रसोई में कुछ छोटी-छोटी आदतों को बदल लें, तो गैस की खपत को काफी हद तक कम किया जा सकता है और सिलेंडर ज्यादा दिनों तक चल सकता है। आइए जानते हैं कुछ कारगर हैक्स जो आपके सिलेंडर को लंबे समय तक चलाने में मदद कर सकते हैं।

गैस कैसे बचाएं

1. मीडियम फ्लेम पर खाना पकाएं

अक्सर देखने को मिलता है कि लोग जल्दी खाना पकाने के लिए तेज आंच का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन ज्यादातर भोजन मध्यम आंच पर आसानी से पक जाता है। जबकि तेज आंच पर खाना बनाने से गैस की खपत ज्यादा होती है और सिलेंडर जल्दी खत्म होने लगता है। इसलिए खाना पकाते समय आप मीडियम फ्लेम का ही इस्तेमाल करें।

2. प्रेशर कुकर का इस्तेमाल करें

खाना पकाते समय प्रेशर कुकर का इस्तेमाल रसोई गैस बचाने का सबसे प्रभावी तरीका है। आप दाल, चावल और सब्जियों को प्रेशर कुकर में पकाएं इससे जल्दी खाना पकाया जा सकता है, जिससे गैस की भी बचत होती है। प्रेशर कुकर में खाना पकाने से गैस के साथ-साथ समय की भी बचत होगी।

3. खाना बनाने से पहले तैयारी करें

कुछ लोग गैस जला कर फिर सब्जियां काटना या मसाले आदि की तैयार करना शुरू करते हैं। इससे बिना कारण गैस की खपत होती है। यदि आप गैस की बचत करना चाहते हैं, को खाने को पकाने की तैयारी गैस चालू करने से पहले ही कर लें। इससे गैस की खपत भी कम होगी।

4. दाल को पानी में भिगोकर बनाएं

ऐसी सब्जियां (दाल आदि) जिन्हें गलने में थोड़ा ज्यादा समय लगता है, उन्हें पकाने से कुछ घंटे पहले पानी में भिगो दें। इससे दाल आसानी से गल जाएगी और गैस की भी बचत होगी।

5. इंडक्शन चूल्हे का इस्तेमाल करें

रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के बीच इलेक्ट्रिक इंडक्शन चूल्हा एक अच्छा विकल्प बन सकता है। इंडक्शन पर खाना जल्दी पकता है और गैस की बचत भी होती है। खासकर चाय बनाना या हल्की कुकिंग के लिए इंडक्शन का इस्तेमाल करके आप एलपीजी सिलेंडर को ज्यादा दिनों तक चला सकते हैं।

6. फ्रिज से निकालकर चीजें तुरंत गैस पर न रखें

फ्रिज से निकली सब्जियां, दाल या अन्य चीजों को सीधे गैस पर पकाने से उन्हें गर्म होने और पकने में ज्यादा समय लगता है। इसलिए बेहतर है कि उन्हें कुछ बाहर निकालकर रख दें। इससे खाना जल्दी पकता है और गैस की भी बचत होती है।

7. तड़के को अलग से तैयार न करें

अगर आप दाल या सब्जी बना रहे हैं, तो तड़का अलग से तैयार करने की बजाय उसी बर्तन में लगा लें। अलग से तड़का बनाने के लिए दो बार गैस जलानी पड़ती है, जिससे गैस ज्यादा खर्च होती है। एक ही बर्तन में तड़का लगाने से समय और गैस दोनों की बचत होती है।

8. पानी गर्म करने के लिए इलैक्ट्रिक केटल का इस्तेमाल करें

पानी गर्म करने के लिए गैस की जगह इलेक्ट्रिक केटल का इस्तेमाल करना बेहतर विकल्प हो सकता है। इलेक्ट्रिक केटल में पानी जल्दी उबल जाता है, जिससे समय और गैस दोनों की बचत होती है। खासकर चाय, कॉफी या गर्म पानी के लिए यह तरीका रसोई गैस की खपत कम करने में मदद करता है।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article