Lal Bahadur Shastri Life Lessons in Hindi: आज भारत के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि है। 11 जनवरी 1966 को उनका देहांत हो गया था। शास्त्री एक सशक्त राजनेता होने के साथ ही सादगी, ईमानदारी और साहस के जीवंत प्रतीक थे। उनका जीवन आज भी करोड़ों भारतीयों को प्रेरणा देता है। उनकी कही गई बातें आज भी प्रासंगिक हैं। लाल बहादुर शास्त्री के जीवन को गुरु बनाकर कोई भी महानता के आसमान को छू सकता है। आइए जानें कि हम शास्त्री जी के जीवन से कौन से अहम सबक सीख सकते हैं।
सादगी
लाल बहादुर शास्त्री का जीवन अत्यंत सरल था। प्रधानमंत्री बनने के बाद भी उन्होंने निजी जीवन में किसी तरह का वैभव नहीं अपनाया। सरकारी गाड़ी और सुविधाओं का सीमित उपयोग, साधारण पहनावा और विनम्र व्यवहार रखा। वह सिखा गए हैं कि पद बड़ा हो सकता है, लेकिन इंसान को जमीन से जुड़ा रहना चाहिए।
ईमानदारी और नैतिकता
शास्त्री जी ईमानदारी के मामले में बेहद कठोर थे। रेल मंत्री रहते हुए एक दुर्घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए उन्होंने इस्तीफा दे दिया। यह कदम बताता है कि सच्चा नेता गलती से भागता नहीं, बल्कि जिम्मेदारी स्वीकार करता है।
कठिन हालात में दृढ़ नेतृत्व
युद्ध जैसे कठिन समय में भी शास्त्री जी का नेतृत्व शांत, संतुलित और निर्णायक रहा। उन्होंने कभी आक्रामक भाषा का सहारा नहीं लिया, लेकिन जरूरत पड़ने पर कड़े फैसले लेने से भी पीछे नहीं हटे। इससे सीख मिलती है कि असली साहस सही समय पर सही निर्णय लेने में है।
आत्मसंयम और त्याग
देश में अनाज की कमी के समय उन्होंने सप्ताह में एक दिन उपवास रखने की अपील की और खुद भी उसका पालन किया। उनका यह फैसला बताता है कि असली लीडर वही होता है, जो पहले खुद त्याग करे और फिर दूसरों से अपेक्षा रखे।
देशहित सर्वोपरि
लाल बहादुर शास्त्री के लिए व्यक्तिगत लाभ से कहीं ऊपर देश का हित था। उनका संपूर्ण जीवन हमें सिखाता है देश हित में किया काम ही हम भारतीयों के लिए सच्ची सफलता है।
‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश
1965 के भारत-पाक युद्ध और खाद्य संकट के दौर में दिया गया उनका नारा 'जय जवान, जय किसान' आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने देश को बताया कि सीमा की रक्षा करने वाला जवान और देश को अन्न देने वाला किसान, दोनों ही राष्ट्र की रीढ़ हैं।
आज के दौर में लाल बहादुर शास्त्री का जीवन हमें ईमानदारी, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा का रास्ता दिखाता है, जो हर व्यक्ति के लिए प्रेरणा है। उम्मीद करते हैं कि शास्त्री जी के जीवन से ये सबक लेकर आप भी खुद को पहले बेहतर इंसान बनाने की कोशिश जरूर करेंगे।
